
जब धोनी ने रैना को सुनाई डांट
हाल ही में आरजे रौनक को दिये एक इंटरव्यू में सुरेश रैना ने अपने और धोनी के बीच की दोस्ती को लेकर बहुत सारी बातें की और बताया कि न सिर्फ मैदान पर बल्कि मैदान के बाहर भी उन दोनों की जुगलबंदी कितनी खास है। इसी इंटरव्यू के दौरान जब रौनक ने सुरेश रैना से पूछा कि क्या उन्हें कभी धोनी से मैच के दौरान पड़ी है, तो जवाब में रैना ने कहा कि एक नहीं कई बार ऐसा हुआ जब मैदान पर खेलते हुए धोनी ने उन्हें डांट लगाई है, हालांकि मैदान के बाहर बहुत कम ही ऐसा हुआ है।
उन्होंने कहा,'बहुत बार हुआ होगा, जब धोनी भाई से मुझे डांट पड़ी होगी। एक मैच के दौरान हम खेल रहे थे और मुझसे कैच छूटा था तब भी पड़ी थी। उस कैच से पहले धोनी भाई ने कहा कि फोकस रख, स्लिप में कैच आ सकता है। कई बार होता है जब एक कीपर आपको एक पोजिशन देता है और कहता है कैच आने वाला है और अगली ही गेंद पर कैच भी आ जाता है। उस दिन भी ऐसा हुआ और मुझसे वो छूट गया। धोनी भाई ने डांटते हुए कहा कि अबे साले मैंने पहली ही कहा था कि कैच आने वाला है।'

रैना को पसंद है धोनी का यह डॉयलाग
इसी इंटरव्यू के दौरान सुरेश रैना से धोनी का बतौर कप्तान सबसे पसंदीदा डॉयलाग पूछा जिसके जवाब में रैना ने कहा कि माही भाई ने सिखाया है कि कोई भी मैच तब तक खत्म नहीं होता जब तक कि वो पूरी तरह से खत्म न हो जाये। यह ऐसा डॉयलाग है जिसने आपको आखिरी समय तक लड़ने के लिये सिखाया है। गौरतलब है कि यह वो चीज है जो धोनी की बल्लेबाजी में भी देखने को मिलती रही जिसमें वो मैच को अंत तक लेकर जाते थे और विपक्षी टीम को हर समय चौंकन्ना रहने पर मजबूर करते थे।
उन्होंने कहा,'माही भाई का सबसे बढ़िया डॉयलाग है कि जब तक मैच खत्म नहीं होता तब तक खत्म नहीं होना है। इसके लिये आपको वहां पर रहना है। आपको पूरे विश्वास से खेलना है, पूरी कोशिश करनी है कि जब तक मैच खत्म नहीं हो जाता तब तक आप हार नहीं मानो और पूरी मेहनत से मैच को अपने पक्ष में खत्म करने की कोशिश करो।'

आखिरी बार आईपीएल में खेलती नजर आयेगी यह जोड़ी
क्रिकेट जगत में कई ऐसे मौके देखने को मिले हैं जिसमें इन दोनों के बीच का मजबूत रिश्ता नजर आता है, जिसका सबसे बड़ा सबूत दोनों का एक ही दिन अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहना है। 15 अगस्त 2020 को धोनी ने पहले संन्यास का ऐलान किया तो वहीं रैना ने भी कुछ देर बाद क्रिकेट को अलविदा कह दिया। उल्लेखनीय है कि भारतीय क्रिकेट की यह जय वीरू की जोड़ी 19 सितंबर से खेले जाने वाले आईपीएल 2021 के दूसरे चरण में सीएसके की ओर से खेलती नजर आयेगी। ऐसा माना जा रहा है कि महेंद्र सिंह धोनी इस सीजन आखिरी बार आईपीएल में खेलते नजर आ सकते हैं, तो वहीं पर रैना ने भी कुछ समय पहले साफ कर दिया था कि जब तक धोनी आईपीएल में खेलेंगे तभी तक वो भी आईपीएल खेलेंगे।


Click it and Unblock the Notifications
