महेंद्र सिंह धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का खिताब जीतकर आईपीएल में अपनी ट्रॉफी की संख्या 5 कर ली है। उन्होंने यह पांचों ही खिताब चेन्नई सुपर किंग्स के लिए जीते हैं और वे आईपीएल के सबसे सफल कप्तानों की लिस्ट में रोहित शर्मा के बराबर खड़े हो गए हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने 29 मई की रात बारिश से प्रभावित मुकाबले में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हार्दिक पांड्या की गुजरात टाइटंस को हरा दिया। इस मैच में धोनी ने गोल्डन डक किया लेकिन उनकी टीम ने एक असाधारण जीत हासिल की।
यह सीजन भी धोनी के कप्तानी कौशल के नाम रहा और उन्होंने इस बार निचले क्रम पर आकर कुछ शानदार हिटिंग भी की, जिसके चलते उनका स्ट्राइक रेट टॉप तीन में शामिल है। भारत के पूर्व हेड कोच और क्रिकेट कमेंटेटर रवि शास्त्री ने स्टार स्पोर्ट पर बात करते हुए धोनी की महानता की मिसाल दी है।
शास्त्री ने कहा है, "धोनी ने 250 आईपीएल मैच खेल लिए हैं जो उनके फिटनेस को दिखाता है। धोनी की विरासत को कोई भी मैच नहीं कर सकता। इस टूर्नामेंट में जो कुछ भी धोनी छोड़कर जाने वाले हैं, उसे कोई छू नहीं सकता। वह पूरी चेन्नई और तमिलनाडु में थाला के नाम से प्रसिद्ध हैं।
"झारखंड के एक इंसान को साउथ में इतना प्यार मिलता है, चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस में उनके प्रति कितनी दीवानगी है। ये इस बात का सबूत है कि यह क्रिकेटर कितना महान है।"
बता दें, महेंद्र सिंह धोनी ने अगले सीजन में आने की बात भी की है। धोनी का कहना है कि वे अपने फैंस को गिफ्ट देने के तौर पर एक और सीजन खेलना चाहेंगे। इस बात से चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व साथी हरभजन सिंह काफी उत्सुक हैं और उन्होंने इसे महेंद्र सिंह धोनी के फैंस के लिए सबसे बड़ी खबर बताया है।