नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग का 13वां सीजन पिछले साल नवंबर में यूएई में समाप्त हुआ था। उसके खत्म होने के बाद ही इसके सीजन 14 की चर्चा शुरू हो गई। टूर्नामेंट अप्रैल में शुरू हो सकता है, लेकिन इसकी तैयारियां जोरों पर हैं। वहीं आईपीएल सीजन-14 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी करने का पूरा कार्यक्रम भी तैयार हो चुका है। इस बार नीलामी चेन्नई में वीरवार (18 फरवरी) को होगी। लेकिन उससे पहले जानते हैं कि नीलामी कब तथा इसका लाइव प्रसारण कहां होने वाला है।
कितने बजे से शुरू होगी नीलामी?
खिलाड़ियों की नीलामी का लाइव प्रसारण भारतीय समयानुसार दोपहर तीन बजे से शुरू होगा। नीलामी में भाग लेने से पहले सभी फ्रेंचाईजियों के मालिकों को अपनी कोरोना रिपोर्ट साैंपनी होगी। सभी को दो RT-PCR निगेटिव टेस्ट जमा करने होंगे।
कहां होगा लाइव प्रसारण
दर्शक खिलाड़ियों की नीलामी स्टार स्पोर्ट्स के विभिन्न चैनल में देख पाएंगे। यही नहीं, फैंस डिजिटल प्लेटफॉर्म हॉटस्टार पर भी नीलामी देख सकते हैं। नीलामी तीन से चार घंटे तक चल सकती है।
कितने खिलाड़ी हिस्सा लेंगे?
बता दें कि ऑक्शन के लिए कुल 1114 खिलाड़ियों ने अपने नाम रजिस्टर्ड कराए थे, लेकिन अंत में 292 खिलाड़ियों के नाम शॉर्टलिस्ट हुए। यह सभी खिलाड़ी अपनी किस्मत आजमाने जा रहे हैं, जिसमें 164 भारतीय, 125 विदेशी और तीन एसोसिएट देशों से हैं।
किस टीम के पास कितना पैसा?
नीलामी के लिए सबसे ज्यादा पैसा किंग्स पंजाब ने बचाया है। उनके पास 53.2 करोड़ बचा हुआ है। इनके अलावा चेन्नई सुपरकिंग्स 19.9 करोड़, , मुंबई इंडियंस 15.35 करोड़, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर 35.4 करोड़, सनराइजर्स हैदराबाद 10.75 करोड़, दिल्ली कैपिटल्स 13.4 करोड़, राजस्थन रॉयल्स 37.85 करोड़ और कोलकाता नाइटराइडर्स 10.75 करोड़ रूपए अपने पर्स में रखकर खिलाड़ियों की बोली लगाएंगे। कुल 10 खिलाड़ियों ने अपनी कीमत 2 करोड़ रखी है। हरभजन सिंह और केदार जाधव ही दो ऐसे भारतीय क्रिकेटर्स हैं, जिन्होंने अपना बेस प्राइज 2 करोड़ रुपये रखा है।