नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने अपने प्रबंधन में बडे़ फेरबदल करने के लिए कमर कस ली है। इस फ्रेंचाइजी ने कुछ समय पहले ही अपने मुख्य कोच पद के लिए इंग्लैंड के विश्व कप विजेता कोच ट्रेवर बेलिस को नियुक्त किया था। इससे पहले इस टीम के कोच टॉम मूडी थे। अब सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज खिलाड़ी ब्रेड हेडिन को भी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी हैं।
हेडिन अब हैदराबाद की टीम के नए असिस्टेंट कोच होंगे। हैडिन अब सिमोन हेलमोट का स्थान लेंगे जो 2013 में सनराइजर्स के सहायक कोच नियुक्त किए गए थे। बेलिस और हेडिन दोनों को कोलकाता नाइट राइडर्स टीम की के साथ काम करने का अनुभव है। बेलिस 2012 से 2015 तक केकेआर की टीम के कोच थे और उनकी कोचिंग के तहत केकेआर ने 2012 और 2014 में चैंपियनशिप भी जीती थी।
जबकि हेडिन 2011 में नाइट राइडर्स की टीम की और से बतौर बल्लेबाज खेले थे। वैसे हेडिन और बेलिस को आपस में काम करने का भी अनुभव है। दक्षिण अफ्रीका में हुई 2012 चैंपियंस लीग के दौरान बेलिस सिडनी सिक्सर्स के कोच थे और हेडिन उस टीम के कप्तान थे। हेडिन को इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया की टीम के साथ भी काम करने का अनुभव है। वे ऑस्ट्रेलिया ए को कोचिंग देने के अलावा कंगारू टीम के फील्डिंग कोच भी रह चुके हैं।
जहां तक सनराइजर्स की टीम की बात है तो इस टीम का पिछला सीजन अच्छा नहीं रहा था, हालांकि यह टीम प्लेऑफ में पहुंचने में कामयाब रही थी। इस टीम की कप्तानी भुवनेश्वर कुमार के अलावा केन विलियमसन ने की थी। लीग स्टेज में इस टीम ने 14 में से 6 मैच जीतने में सफलता पाई थी और उसके बाद वह अगले दौर में पहुंचे थे। हालांकि वे प्लेऑफ के एलिमिनेटर राउंड में ही बाहर गए।