आईपीएल : मुंबई के सामने दिल्ली की एक न चली (राउंडअप)
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की प्रेरणादायी कप्तानी में खेल रही मुंबई की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 183 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया जबकि कई धुरंधर बल्लेबाज से लैस दिल्ली की टीम 20 ओवरों की समाप्ति तक सात विकेट खोकर 144 रन ही बना सकी।
दिल्ली की टीम ने सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर (31), वीरेंद्र सहवाग (20), कप्तान गौतम गंभीर (17), दिनेश कार्तिक (11), पॉल कोलिंगवुड (2), अब्राहम डिविलियर्स (4) और अमित मिश्रा (12) के विकेट गंवाए।
एंड्रयू मैक्डोनाल्ड 31 गेंदों पर एक छक्के की सहायता से 33 रन बनाकर नाबाद लौटे जबकि प्रदीप सांगवान ने नाबाद छह रन बनाए। मुंबई की ओर से अली मुर्तजा और दिलहारा फर्नांडो ने दो-दो विकेट लिए।
इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों की समाप्ति के बाद चार विकेट पर 183 रन बनाए थे। जीन पॉल ड्यूमिनी (21) और केरॉन पोलार्ड (45) रन बनाकर नाबाद लौटे। पोलार्ड ने 13 गेंदों का सामना करते हुए दो चौके और पांच छक्के लगाए। ड्यूमिनी ने 14 गेंदों का सामना करते हुए तीन चौके लगाए।
पोलार्ड ने मैक्डोनाल्ड द्वारा फेंके जा रहे पारी के अंतिम ओवर में तीन छक्कों और एक चौके की मदद से कुल 25 रन बटोरे। यही ओवर दिल्ली की टीम के लिए घातक साबित हुआ। इस शानदार बल्लेबाजी की लिए उन्हें 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया।
मुंबई के लिए सौरव तिवारी ने भी 38 रनों का बहुमूल्य योगदान दिया जबकि कप्तान तेंदुलकर ने 30 रनों की उपयोगी पारी खेली। तिवारी ने 28 गेंदों पर एक चौका और दो छक्के लगाए। तेंदुलकर ने 26 गेंदों पर तीन चौके जड़े।
दोनों टीमों का यह 12वां मुकाबला था। मुंबई की टीम ने नौवीं जीत हासिल की। उसने आठवीं जीत के साथ ही सेमीफाइनल में स्थान पक्का कर लिया था। उसके हिस्से तीन हार दर्ज है। उसके कुल 18 अंक हैं।
दूसरी ओर, सेमीफाइनल के लिए दिल्ली की टीम की दौड़ अभी भी जारी है। उसने छह जीत और छह हार के साथ 12 अंक बटोरे हैं। फिलहाल तालिका में वह तीसरे स्थान पर है।
अनिल कुंबले की कप्तानी में खेल रही रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम छह जीत और छह हार के साथ कुल 12 अंक बटोरे हैं। वह दूसरे स्थान पर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications