तरस गए बांग्लादेशी खिलाड़ी, न्यूजीलैंड टीम ने 700 से ज्यादा रन बनाकर किया ये कारनामा
नई दिल्ली। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बल्लेबाजों ने बांग्लादेश के खिलाफ चल रहे तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मैच में खूब रन बरसाए। टाॅप तीन बल्लेबाजों ने बड़ी ही आसानी से 100 से ज्यादा रनों की पारियां खेलीं। बांग्लादेश के गेंदबाज विकेट लेने के लिए तरसते हुए नजर आए। ओपनर राॅवल जीत ने 220 गेंद में 132, टाॅम लाथम ने 248 गेंद में 161 और विलियम्सन ने 257 गेंद में नाबाद 200 रन की पारी खेली जिसकी बदाैलत न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी 6 विकेट के नुकसान पर 715 रनों पर घोषित की। इसी के साथ कीवी टीम ने एक नया कारनामा कर दिखाया।
दरअसल, यह टेस्ट में उसका सर्वोच्च स्कोर है। वह टेस्ट में एक पारी में 700 से ज्यादा रन बनाने वाली सातवीं टीम बनी। इससे पहले श्रीलंका 6 और ऑस्ट्रेलिया, भारत, वेस्टइंडीज 4-4 बार यह उपलब्धि अपने नाम कर चुके हैं। इनके अलावा इंग्लैंड तीन और पाकिस्तान दो बार टेस्ट की एक पारी में 700 या उससे ज्यादा का स्कोर कर चुके हैं। वहीं टेस्ट क्रिकेट में यह 24वां मौका है, जब किसी टीम ने एक पारी में 700 या उससे ज्यादा का स्कोर बनाया है। इससे पहले 23 मौकों पर जब-जब किसी टीम ने एक पारी में 700 या उससे ज्यादा का स्कोर किया, उसमें से 12 बार उस टीम को जीत हासिल हुई, जबकि 11 मौकों पर मैच ड्रॉ रहा।
ओपनरों ने की रिकाॅर्ड साझेदारी
लाथम और रावल ने सपाट विकेट का फायदा उठाते हुए पहले विकेट के 254 रन की भागीदारी निभाई जो न्यूजीलैंड के टेस्ट इतिहास में पहले विकेट के लिए दूसरी बड़ी साझेदारी है। 47 साल पहले ग्लेन टर्नर और टेरी जार्विस ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले विकेट के लिए 387 रन की रिकॉर्ड भागीदारी निभाई थी, इसके बाद से यह दूसरी और कुल मिलाकर तीसरी सर्वश्रेष्ठ साझेदारी है। जीत रावल ने बांग्लादेश के खिलाफ शतक जड़कर रिकॉर्ड बुक्स में अपना नाम दर्ज करा लिया। जीत रावल न्यूजीलैंड के लिए टेस्ट क्रिकेट में शतक जड़ने वाले भारतीय मूल के पहले कीवी बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर दीपक पटेल ने टेस्ट क्रिकेट में 99 रन की पारी खेली थी। वह 1 रन के अंतर से शतक जड़ने से चूक गए थे।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
