नई दिल्ली। सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज डेविड वार्नर ने आईपीएल 2019 का अपना अंतिम मैच खेल लिया है। पूरे सीजन में अपने बल्ले से चमक बिखरने वाले इस खिलाड़ी ने विदाई मैच में भी 56 गेंदों पर 81 रनों की शानदारी पारी खेली और टीम की जीत सुनिश्चित की। वाॅर्नर ने इस सीजन में खेले 12 मैचों में 69.20 की औसत से 692 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक व 8 अर्धशतक शामिल रहे हैं। इस दाैरान उन्होंने 57 चाैके व 21 छक्के लगाए। अभी तक वाॅर्नर इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
वार्नर ने इस मैच के बाद अपने काम को सही तरह से निपटाने पर तसल्ली जताई। उन्होंने इसका श्रेय वापस बेसिक्स पर लौटने को बताया। वार्नर ने पिछले कुछ महीनो में अपने अंदर आए सुधार पर भी बात करते हुए कहा कि उनका गेम प्लान खुद पर भरोसा करना और अपने नेचुरल खेल की ओर वापस लौटने पर था।
इसके साथ ही उन्होंने अगले महीने शुरू होने जा रहे विश्व कप के बारे में बात करते हुए बताया- यह एक हाई स्कोरिंग विश्व कप होगा और अब उनका ध्यान इस टूर्नामेंट पर है।
वार्नर ने कहा, 'इस विश्व कप में आप ज्यादा रन बनते हुए देखेंगे। उम्मीद करता हूं कि गेंद ज्यादा स्विंग नहीं होगी। निश्चित तौर पर इंग्लैंड को घर में खेलने का फायदा मिलेगा। हम विश्व चैंपियन हैं। मुझे पूरा यकीन है ये विश्व कप शानदार होगा। मैं इसकी ओर देख रहा हूं और आईपीएल इसस पहले एक बढ़िया पड़ाव था।' आपको बता दें कि सनराजर्स हैदराबाद का अगला मैच 2 मई को मुंबई इंडियंस के साथ होगा। हैदराबाद ने 12 मैचों में 12 अंकों के साथ चाैथे स्थान पर जगह बनाई हुई है। उन्हें प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अपने बचे 2 मैच जीतने होंगे