-Staff
बंगलूर, 14 अक्टूबरः मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा का सर्वाधिक टेस्ट रनों का रिकार्ड तोड़ने से फिर चूक गए, लेकिन उनकी 49 रन की उपयोगी पारी की बदौलत भारत ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ कल पांचवें और अंतिम दिन पहला क्रिकेट टेस्ट ड्रॉ करा लिया।
आस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी छह विकेट पर 228 रन के स्कोर पर घोषित कर भारत के सामने जीत के लिए 299 रन का मुश्किल लक्ष्य रखा। भारत ने इसके जवाब में अपनी दूसरी पारी में चार विकेट पर 177 रन बनाए और यह टेस्ट ड्रा हो गया।
सचिन ने (49), वी वी एस लक्ष्मण ने नाबाद (42), ओपनर गौतम गंभीर ने (29) और सौरभ गांगुली ने नाबाद 26 रन बनाए। 299 रन के लक्ष्य के सामने भारत की शुरूआत खराब रही। ओपनर वीरेन्द्र सहवाग और पिछली पारी के अर्द्धशतकधारी राहुल द्रविड के विकेट 24 रन के योग पर ही गिर चुके थे। भारतीय पारी संकट में नजर आ रही थी।
उस समय बल्लेबाजी करने उतरे सचिन के सामने ना केवल लारा का विश्व रिकार्ड था बल्कि भारत को बचाने की भारी जिम्मेदारी भी थी।
सचिन ने इस जिम्मेदारी का बखूबी निर्वाह करते हुए ओपनर गंभीर के साथ तीसरे विकेट के लिए 53 रन और लक्ष्मण के साथ चौथे विकेट के लिए 61 जोड़कर भारत को संकट से सुरक्षित निकाल लिया।
सचिन चाय के तत्काल बाद जब पारी के 53 वें ओवर में आउट हुए तो उस समय भारत का स्कोर 138 रन हो चुका था।
MyKhel से प्राप्त करें ब्रेकिंग न्यूज अलर्ट.
Allow Notifications
You have already subscribed
Story first published: Tuesday, October 14, 2008, 10:06 [IST]
Other articles published on
Oct 14, 2008