नई दिल्ली। आईपीएल 6 में स्पॉट फिक्सिंग के दोषी पाये गये क्रिकेटर एस श्रीसंत सहित अजित चंडीला और अंकित चौहान पर पांच सालों का प्रतिबंध लगाने की मांग की गई है। इन तीन खिलाडि़यों सहित बीसीसीआई ने कुल 6 लोगों को स्पॉट फिक्सिंग का दोषी पाया है। मामले की जांच कर रहे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की भ्रष्टाचार निरोधक इकाई के पूर्व सदस्य रवि सवानी को मामले की जाचं के लिए नियुक्त किया गया था।
यह तीनों खिलाड़ी अभी जमानत पर हैं। गौरतलब है कि इन्हें 16 मई को मुंबई के एक होटल से दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था। जिन्हें कुछ समय के लिए न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया था।
बताया जाता है कि जांच कर रहे सावनी ने पिछले महीने कोलकाता में हुई बीसीसीआई की कार्यसमिति की बैठक में ही अपनी रिपोर्ट सौंप दी थी। जिसके आधार पर इन खिलाडि़यों के भविष्य पर जल्द ही निर्णय लिया जायेगा।
अगर इन खिलाडि़यों पर बैन लगता है तो भारतीय क्रिकेट में यह दूसरी बार होगा जब खिलाडि़यों को मैच फिक्सिंग के आरोपों के कारण प्रतिबंध झेलना पड़ेगा। इसके पहले अजय जडेजा, मोहम्मद अजहरूद्दीन और मनोज प्रभाकर पर आजीवन प्रतिबंध लग चुका है।