अबू धाबी। 16 अप्रैल से इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएम 7 का आगाज अबू धाबी में हो जाएगा और इस टूर्नामेंट के सारे टिकट्स बिक चुके हैं। इसके बाद भी अगर आप आईपीएल के फैन हैं और इसे लाइव देखना चाहते हैं तो आपके पास मौका है, लेकिन आपको तब टिकटों के वास्तविक मूल्य से 20 गुना ज्यादा कीमत अदा कर इसका टिकट खरीदना पड़ेगा।
जी हां, आईपीएल के टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग शुरू हो चुकी है और टूर्नामेंट के शुरुआती मैच के लिए बिके इसके टिकट से यह बात साफ हो गई है। गल्फ न्यूज में छपी खबर के मुताबिक 16 अप्रैल को यहां के जायद स्टेडियम पर डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेले जाने वाले पहले मैच के टिकट को दलाल 1,280 रुपयों से लेकर 24,000 रुपए तक में बेचा जा रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक एक मशहूर क्लाइसफाइड वेबसाइट में दलालों की ओर से टिकट खरीदने के लिए टिकटों की बोली लगाई जा रही है। इन टिकटों की कीमत वास्तविक कीमत से 20 गुना ज्यादा है क्योंकि इस पहले मैच के लिए
सभी टिकट्स बेचे जा चुके हैं। इस अखबार की रिपोर्ट पर यकीन करें तो इस वेबसाइट पर एड पोस्ट होने के सिर्फ 15 मिनटों के अंदर ही टिकटों को इस दाम पर खरीदने के लिए 15 खरीदार भी मिल गए। अमीरात क्रिकेट बोर्ड और अबू धाबी क्रिकेट क्लब के सीईओ डेविड ईस्ट ने इस बात की पुष्टि की है कि आईपीएल के पहले दो मैचों के लिए टिकट्स बिक गए हैं।
इस बार आईपीएल के 20 मैच लोकसभा चुनावों की वजह से भारत से बाहर अबू धाबी में आयोजित किए जाएंगे। 16 से 30 अप्रैल तक यह मैच अबू धाबी में होंगे लेकिन दो मई से इन मैचों का आयोजन भारत में होगा।