For Quick Alerts
ALLOW NOTIFICATIONS  
For Daily Alerts
 

पहले दिन गंभीर सुपरहिट, गांगुली फ़्लॉप

By Super

यूसुफ़ पठान और गंभीर आकर्षण का केंद्र रहे

तमाम विवादों और अदालत में खिंचे मामलों के बाद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के चौथे सीज़न के लिए लगी पहले दौर की बोली में बाज़ी मारी है भारत के गौतम गंभीर ने.

लेकिन सबसे ज़्यादा चौंकाने वाली बात नहीं पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली को कोई ख़रीदार न मिलना.

गांगुली के अलावा वेस्टइंडीज़ के पूर्व स्टार क्रिकेट ब्रायन लारा, न्यूज़ीलैंड के जेसी राइडर, वेस्टइंडीज़ के क्रिस गेल और दक्षिण अफ़्रीका के मार्क बाउचर समेत कुल 16 खिलाड़ी नहीं बिक पाए.

लेकिन पहले दिन के स्टार रहे भारतीय खिलाड़ी. गौतम गंभीर को 11.04 करोड़ रुपए देकर कोलकाता नाइट राइडर्स ने ख़रीदा, तो यूसुफ़ पठान भी कोलकाता नाइट राइडर्स के पाले में गए और उनकी क़ीमत रही 9.66 करोड़ रुपए.

रॉबिन उथप्पा को पुणे की टीम ने 9.66 करोड़ देकर ख़रीदा तो रोहित शर्मा 9.20 करोड़ के साथ मुंबई इंडियंस की टीम में आ गए.

पठान भाइयों में यूसुफ़ के बाद इरफ़ान पठान भी ज़्यादा पीछे नहीं रहे. इरफ़ान पठान को डेल्ही डेयरडेविल्स ने 8.74 करोड़ रुपए में ख़रीदा. युवराज सिंह को पुणे की टीम ने 8.28 करोड़ रुपए में ख़रीदा.

उथप्पा को युवराज से ज़्यादा पैसे मिले

युवराज और पठान दोनों पहले किंग्स इलेवन पंजाब का हिस्सा थे. युवा खिलाड़ियों में सौरभ तिवारी का ग्राफ़ सबसे ऊपर रहा.

सौरभ तिवारी को रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर ने 7.36 करोड़ रुपए देकर अपने पाले में लिया. सौरभ तिवारी पहले मुंबई इंडियंस का हिस्सा था और आईपीएल-3 में कई अच्छी पारियाँ भी खेली थी.

विदेशी खिलाड़ियों में सबसे बड़ी बोली महेला जयवर्धने पर लगी. महेला जयवर्धने को 6.90 करोड़ रुपए में कोच्चि की टीम ने ख़रीदा.

डेविड हसी को किंग्स इलेवन पंजाब ने 6.44 करोड़ रुपए में ख़रीदा. दक्षिण अफ़्रीका के तेज़ गेंदबाज़ डेल स्टेन 5.52 करोड़ रुपए में डेक्कन चार्जर्स के हिस्से में गए.

श्रीलंका के स्टार स्पिनर मुथैया मुरलीधरन अब चेन्नई की बजाए कोच्चि की टीम के लिए खेलेंगे और एक सीज़न में 5.06 करोड़ रुपए बटोरेंगे.

इतनी ही क़ीमत में एबी डी वेलियर्स बंगलौर से खेलेंगे तो कैमरुन व्हाइट को डेकन्न चार्जर्स ने इतनी ही राशि में ख़रीद लिया.

और तो और ज़ाक कैलिस कोलकाता नाइट राइडर्स के खाते में इतनी ही क़ीमत लेकर गए हैं. राजस्थान रॉयल्स ने रॉस टेलर को 4.60 करोड़ देकर ख़रीदा है.

ऑस्ट्रेलिया के चर्चित क्रिकेटर एंड्रयू साइमंड्स को 3.91 करोड़ रुपए देकर मुंबई इंडियंस ने ख़रीदा. अब साइंड्स उस टीम का हिस्सा हो गए हैं, जिस टीम में हरभजन सिंह भी हैं.

लेकिन पहले दौर की बोली में सबसे ज़्यादा चौंकाने वाली बात रही सौरभ गांगुली को कोई ख़रीदार नहीं मिलना.

गांगुली कोलकाता नाइट राइडर्स से तीन सीज़न खेल चुके हैं

हालाँकि दूसरे दौर में वे अब भी बिक सकते हैं और अच्छी क़ीमत पर. क्योंकि ऐसा पहले भी हुआ है कि पहले दौर की बोली में न बिकने वाला खिलाड़ी दूसरे दौर में अच्छी क़ीमत पर बिकता है.

कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी कर चुके गांगुली ने पिछले दिनों अपना बेस प्राइस बढ़ाकर चार लाख डॉलर कर दिया था.

गांगुली के अलावा कोलकाता नाइट राइडर्स में उनके साथी खिलाड़ी रह चुके क्रिस गेल में भी किसी ने रुचि नहीं दिखाई. लारा भी प्रभावित नहीं कर पाए, तो मार्क बाउचर भी नहीं बिक पाए.

इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन और मैट प्रायर को भी कोई ख़रीदार नहीं मिला. श्रीलंका के अजंता मेंडिस और दिलहारा फ़र्नांडो भी नहीं बिक पाए.

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:19 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+