IPL 2019, CSK vs KKR: गेंदबाजों के दम पर चेन्नई ने हासिल की 7 विकेट से शानदार जीत
नई दिल्ली। चेपक स्टेडियम में एक और मैच चेन्नई के नाम रहा। कोलकाता के खिलाफ सीएसके के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम की जीत का आधार तैयार किया और चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता के दिए 109 रनों के आसान लक्ष्य को केवल ओवरों में हासिल कर मैच 7 विकेट से जीत लिया।
109 रनों के लक्ष्य का पीछा चेन्नई की टीम ने सावधानीपूर्वक करने के बजाए थोड़ी जल्दबाजी में किया। नतीजन शेन वॉटसन 9 गेंदों पर 17 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद सुरेश रैना भी 14 रन बनाकर चलते बने। दोनों बल्लेबाजों को नरेन ने चलता किया। इसके बाद चेन्नई ने फाफ डु प्लेसिस की अगुवाई में कोई गलती नहीं की और अंबाती रायडु (21) के रूप में केवल एक और विकेट खोकर 17.2 ओवर में यह लक्ष्य हासिल कर लिया। फाफ अंत तक नाबाद रहे और उन्होंने टीम की ओर से सर्वाधिक 43 रन बनाए।
इससे पहले टॉस हारकर कोलकाता की पहले बैटिंग आंद्रे रसेल के इर्द-गिर्द ही घूमती रही। अगर रसेल अंत तक नाबाद रहकर अर्धशतक पूरा ना करते तो यह टीम सौ रनों का आंकड़ा देने के लिए भी तरस जाती। पहले विकेट की शुरुआत क्रिस लिन (0) से हुई। फिर बारी नरेन (6), राणा (0) की थी। उथप्पा (11) और कार्तिक (19) ने इस दौरान दहाई का आंकड़ा छुआ लेकिन पारी आगे नहीं बढ़ा सके। युवा प्रतिभा शुभमन गिल 9 रन बनाकर चलते बने। निचले क्रम में भी कोई बल्लेबाज टिक नहीं सका।
केवल अकेले सैनिक के तौर पर रसेल ने कोलकाता का दुर्ग अंत तक संभाले रखा और 44 गेंदों पर 5 चौके व 3 छक्के लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। चेन्नई की ओर से दीपक चाहर से टॉप ऑर्डर की कमर तोड़ते हुए 3 विकेट लिए। भज्जी एक बार फिर से शानदार साबित हुए और उन्होंने 4 ओवर में केवल 15 रन देकर 2 विकेट लिए। ताहिर के नाम भी दो विकेट दर्ज हुए जबकि जडेजा ने कोटे से केवल 17 रन देकर एक विकेट लिया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
