नई दिल्ली। टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान सोशल मीडिया पर एक तस्वीर के चलते चर्चा पर हैं। दरअसल जिस तरह से इरफान पठान ने अपनी पत्नी और बेटे के साथ एक तस्वीर साझा की उसमे उनकी पत्नी का चेहरा ब्लर है, जिसको लेकर सोशल मीडिय पर लोग इरफान पठान पर निशाना साधने लगे। लेकिन आलोचकों को अब इरफान पठान ने ऐसा जवाब दिया है जिससे कि उनकी बोलती बंद हो गई। इरफान पठान ने ट्वीट कर लिखा मैं अपनी पत्नी का साथी हूं मालिक नहीं और यह तस्वीर मेरी पत्नी ने अपनी मर्जी से साझा की है और उन्होंने खुद अपनी तस्वीर को ब्लर किया है।
पत्नी ने पहले शेयर की थी तस्वीर
इरफान पठान की पत्नी सफा बेग ने अपने बेटे के इंस्टाग्राम अकाउंट से इस तस्वीर को पहले साझा किया था। जिसके बाद सफा का चेहरा ब्लर होने को लेकर कई सवाल खड़े होने लगे। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने आरोप लगाया कि इरफान पठान अपनी पत्नी को चेहरा दिखाने की इजाजत नहीं देते हैं। लेकिन इन तमाम अफवाह पर विराम लगाते हुए इरफान ने फिर से इसी तस्वीर को अपने ट्विटर अकाउंट पर साझा करके आलोचकों पर पलटवार किया।
मैं पत्नी का साथी हूं,मास्टर नहीं
इरफान पठान ने तस्वीर को साझा करके ट्वीट किया और लिखा, इस तस्वीर को मेरी क्वीन ने मेरे बेटे के इंस्टाग्राम से साझा किया है। हमे काफी नफरत मिल रही है, मैं इस तस्वीर को एक बार फिर से यहां साझा कर रहा हूं, मेरी पत्नी ने अपनी इच्छा से अपने चेहरे को ब्लर किया है और हां मैं उसका साथी हूं मास्टर नहीं। बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब इरफान पठान को अपनी पत्नी की तस्वीर के चलते आलोचना का शिकार होना पड़ा है।
कोरोना काल में कर रहे हैं मदद
इससे पहले 2017 में भी इरफान पठान ने सोशल मीडिया पर अपनी पत्नी कीएक तस्वीर साझा की थी, जिसमे इरफान की पत्नी ने नेलपॉलिश लगा रखी थी लेकिन उन्होंने बुर्का पहन रखा था। बता दें कि इरफान पठान कोरोना काल में पठान फाउंडेशन के जरिए अपने भाई युसुफ पठान के साथ मिलकर लोगों की मदद कर रहे हैं। कुछ दिन पहले ही इरफान पठान ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा की थी, जिसमे देखा जा सकता है कि वह कोरोना काल में जरूरतमंद लोगों के लिए ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर भेज रहे हैं।