नई दिल्ली। रक्षाबंधन के मौके पर कई पूर्व और वर्तमान क्रिकेट खिलाड़ियों ने उत्सव से सम्बन्धित फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए। लेकिन राखी बांधे हुए एक फोटो डालने से भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान एक बार फिर सोशल मीडिया पर ट्रोलर्स का शिकार हो गए।
भारतीय खिलाड़ी मोहम्मद कैफ के बधाई संदेश पर लोगों ने उन्हें ताने मारने शुरू कर दिए थे। उसके बाद जब इरफान पठान ने राखी के साथ फेसबुक पर एक फोटो डाली, तो लोगों ने उन्हें भी बुरा-भला कहना शुरू कर दिया।
लोगों ने लिखा कि- 'आप ये क्या कर रहे हो, आप एक मुसलमान हो।' कमेंट में लिखा गया कि मुझे बहुत अफसोस है कि तुम्हारे जैसे मुसलमान हैं। तुम्हें कोई इस्लामिक तारीख तो याद नहीं होगी, लेकिन रक्षाबंधन तुम्हें याद है।
एक यूजर ने लिखा-इस्लाम में ये सही नहीं है। कई लोगों ने उन्हें कहा कि आपके पिता मौलाना है, फिर भी आप क्यों नहीं समझते। किसी ने कहा कि क्या आपको मालूम नहीं है, राखी बंधवाना इस्लाम में हराम है।
आपको बता दें कि इससे पहले भी इरफान पठान को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया गया है। पहले इरफान ने अपने फेसबुक पर अपनी पत्नी के साथ फोटो डाली थी। जिसके बाद लोगों ने उन्हें काफी ट्रोल किया। पठान ने फोटो डालते हुए लिखा कि ये लड़की एक मुसीबत है। फोटो में इरफान और उनकी पत्नी सफा बेग एक गाड़ी में बैठे हुए दिख रहे थे। इस फोटो को शेयर करने के बाद लोगों ने कमेंट किया, तुम्हें अपनी पत्नी को हमेशा ही ढक कर रखना चाहिए, एक मुस्लिम होने के नाते उनके हाथ और चेहरा छुपा होना चाहिए।