
कोहली ने की तारीफ
अपने पहले ही मैच में ईशान किशन ने जिस तरह से बल्लेबाजी की उसकी कप्तान विराट कोहली ने भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि ईशान किशन ने खेल को पूरी तरह से बदल दिया। एक विकेट के बाद हमारा खाता नहीं खुला था, मैंने जो हो सकता था वो करने की कोशिश की लेकिन ईशान किशन ने मैच को पूरी तरह से बदल दिया, उन्होंने विपक्ष से मैच छीन लिया और अपनी शर्त पर बल्लेबाजी की, पहले मैच में उन्होंने जबरदस्त बल्लेबाजी की है। बहरहाल ईशान किशन, ऋषभ पंत, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, वॉशिंगटन सुंदर ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने अपने जबरदस्त प्रदर्शन की बदौलत टीम मैनेचमेंट की मुश्किल को बढ़ा दिया है।

शिखर से कहीं ज्यादा आक्रामक ईशान
शिखर धवन लंबे समय से रोहित शर्मा के साथ भारतीय बल्लेबाजी की शुरुआत करते आए हैं। धवन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि वह आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हैं और उनके बाए हाथ का बल्लेबाज होने का भी टीम को फायदा मिलता है। लेकिन ईशान किशन की बात करें तो वह धवन से कहीं ज्यादा आक्रामक नजर आते हैं। ईशान भी बाए हाथ के बल्लेबाज हैं, लिहाजा वो भी रोहित शर्मा के साथ बाएं और दाए हाथ की बल्लेबाजी के मिश्रण को पूरा करते हैं।

विस्फोटक बल्लेबाज
शिखर धवन शीर्ष गेंदबाजों को सेटल नहीं होने देते हैं और आक्रामक अंदाज की वजह से वह टीम को अच्छी शुरुआत देते हैं। लेकिन ईशान किशन अपनी आतिशी बल्लेबाजी के दम पर गेंदबाजों को तहस-नहस कर देते हैं जोकि उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ पहले मुकाबले में करके दिखाया। वह आईपीएल में भी कुछ इसी अंदाज में बल्लेबाजी करते हैं। लेकिन देखने वाली बात यह होगी कि मुश्किल समय में ईशान किशन किस तरह से बल्लेबाजी करते हैं।

लंबे-लंबे छक्के मारने में माहिर ईशान
ईशान किशन की तुलना शिखर धवन से करें तो उनकी सबसे बड़ी खासियत है उनके लंबे-लंबे छक्के, जिस अंदाज में वह छक्के मारते हैं वह निसंदेह उन्हें धवन से कहीं आगे ले जाता है। आईपीएल में ईशान के 30 छक्के और इंग्लैंड के खिलाफ अपने पहले मैच में चार छक्कों ने साबित कर दिया है कि वह लंबे-लंबे छक्के मारने का माद्दा रखते हैं। इसके अलावा शिखर की तुलना में ईशान की एक और बड़ी खासियत है कि वह बेहतरीन विकेट कीपर भी हैं और वह ऋषभ पंत के बैकअप के तौर पर भी टीम में योगदान दे सकते हैं। ऐसे में साफ है कि ईशान के टीम में आने से शिखर धवन की मुश्किल बढ़ सकती है।

केएल राहुल और धवन के लिए मुश्किल चुनौती ईशान
ईशान किशन के टीम में आने से ना सिर्फ शिखर धवन बल्कि केएल राहुल की भी मुश्किल बढ़ेगी। केएल राहुल भी विकेट कीपर बल्लेबाज हैं, लेकिन पिछले दोनों ही टी-20 मुकाबलों में वह कुछ खास नहीं कर सके हैं। दोनों ही मैचों में केएल राहुल शून्य के स्कोर पर आउट हुए थे। हालांकि रोहित शर्मा बतौर सलामी बल्लेबाज अक्टूबर में होने वाले टी-20 टीम में फिक्स हैं। लेकिन उनके साथ जोड़ीदार कौन होगा, यह केएल राहुल, शिखर धवन और ईशान किशन में से चुना जाएगा। लिहाजा टीम मैनेजमैंट को तीनों में से किसी एक को छोड़ना होगा, ऐसे में जिस तरह का प्रदर्शन ईशान कर रहे हैं उसके चलते इशान का पलड़ा भारी दिखाई देता है।


Click it and Unblock the Notifications
