स्थानीय ब्यूसजर स्टेडियम में पाकिस्तानी टीम को जीत के लिए 192 रनों का लक्ष्य मिला था। परंतु पाकिस्तान की पूरी टीम निर्धारित 20 ओवरों में 157 रन ही बना सकी और उसके सभी खिलाड़ी पेवेलियन लौट गए।
पाकिस्तान की ओर से मिस्बाह-उल हक ने सर्वाधिक 41 रन बनाए। कप्तान शाहिद अफरीदी ने भी 33 रनों का योगदान दिया लेकिन यह टीम की हार टालने के लिए नाकाफी था। आस्ट्रेलिया की ओर से डर्क नैंस और शॉन टेट ने तीन-तीन विकेट चटकाए जबकि मिशेल जानसन ने दो पाकिस्तानी बल्लेबाजों को पेवेलियन की राह दिखाई।
इससे पहले शेन वाटसन और डेविड हसी की आतिशी पारियों की बदौलत आस्ट्रेलिया ने 20 ओवरों में 191 रन बनाए। वाटसन ने 49 गेंदों पर सात चौकों और चार छक्कों की मदद से 81 रनों की पारी खेली। हसी ने 29 गेंदों पर 53 रन बनाए। उनकी इस पारी में पांच छक्के शामिल थे। वाटसन को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।