चेन्नई टेस्ट : पहले सत्र में भारत ने झटके 3 विकेट (लीड-1)
भोजनकाल तक इंग्लैंड ने आठ विकेट के नुकसान पर 294 रन बना लिए हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज मैट प्रायर 81 गेंदों पर एक चौके की मदद से 39 और स्टीव हर्मिसन छह रन बनाकर खेल रहे हैं।
मैच के पहले दिन पांच विकेट पर 229 रन बनाने वाली इंग्लैंड की टीम की दूसरे दिन की शुरुआत अच्छी नहीं रही। हरफनमौला एंड्रयू फ्लिंटॉफ (18) पहले दिन के अपने व्यक्तिगत स्कोर में बिना कोई रन जोड़े अमित मिश्र की गेंद पर गौतम गंभीर के हाथों लपके गए।
इसके बाद नाइटवॉचमैन जेम्स एंडरसन (19) और प्रायर ने स्कोर को 271 रनों तक पहुंचाया लेकिन इसी स्कोर पर अमित ने एंडरसन को युवराज सिंह के हाथों कैच करा दिया। एंडरसन ने 82 गेंदों का सामना करते हुए दो चौके लगाए।
एंडरसन के विदा होने के बाद अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे स्पिन गेंदबाज ग्रीम स्वान कुछ खास नहीं कर सके और एक रन बनाकर हरभजन सिंह के शिकार बने। हरभजन ने उन्हें राहुल द्रविड़ के हाथों कैच कराया।
भारत की ओर से हरभजन और अमित ने तीन-तीन विकेट लिए हैं जबकि जहीर खान को दो सफलताएं मिली हैं।
इससे पहले, इंग्लैंड ने अपने करियर का 13वां शतक लगाने वाले सलामी बल्लेबाज एंड्रयू स्ट्रॉस (123) और एलिस्टर कुक (52) की शानदार पारियों की मदद से मैच के पहले दिन गुरुवार को पांच विकेट पर 229 रन बनाए थे।
स्ट्रॉस ने 233 गेंदों की पारी में 15 चौके लगाए थे। अपनी शतकीय पारी के दौरान स्ट्रॉस ने टेस्ट मैचों में 4000 रन भी पूरे किए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications