नई दिल्लीः भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड सितंबर और अक्टूबर में संयुक्त अरब अमीरात में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के बाकी बचे हुए मैच कराने के लिए गंभीरता से सभी विकल्पों की तलाश कर रहा है। आईपीएल का 14वां संस्करण 4 मई को कोविड-19 के चलते बीच में ही रोकना पड़ा। अब बाकी बचे हुए मैचों के लिए एक विंडो की तलाश की जा रही है।
जाहिर है, बीसीसीआई के अंतरिम सीईओ हेमांग अमीन ने शेष 31 मैचों को इंग्लैंड या यूएई में आयोजित करने की दो योजनाएं बनाई थीं। हालांकि, अमीन ने योजना में कहा कि वह पिछले साल बड़ी सफलता को देखते हुए यूएई में आईपीएल को फिर से शुरू करने के इच्छुक हैं, जिससे शेयरहोल्डर्स भी खुश थे।
बीसीसीआई के अक्टूबर की शुरुआत में हाई-प्रोफाइल टूर्नामेंट का फाइनल कराने की भी संभावना है क्योंकि निर्धारित आईसीसी टी 20 विश्व कप उसी महीने शुरू होने वाला है। सितंबर-अक्टूबर में आईपीएल का फिर से शुरू होना ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर नहीं है क्योंकि टी20 विश्व कप से पहले उनका व्यस्त कार्यक्रम है।
सबसे पहले, कंगारू टीम पांच मैचों की T20I श्रृंखला में वेस्टइंडीज से भिड़ने के लिए कैरेबियाई द्वीपों की यात्रा करने के लिए तैयार हैं, उनके कुछ खिलाड़ी पहले से ही बायो-बबल थकान और कई अन्य व्यक्तिगत कारणों से यात्रा नहीं कर रहे हैं। 23 सदस्यीय टीम से पैट कमिंस, डेविड वार्नर और डेनियल सैम्स गायब हैं।
आईपीएल में खेलने वाले ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों को आईपीएल निलंबित होने के बाद बहुत कुछ झेलना पड़ा क्योंकि उनकी सरकार ने भारत से आने वाली प्लाईट बंद कर दी थीं। मालदीव में एक सप्ताह के लिए क्वारंटीन करने के बाद भारतीय अधिकारियों द्वारा चार्टर फ्लाइट की व्यवस्था की गई जिससे करीब 40 लोग, जिसमें खिलाड़ी, सहयोगी स्टाफ और प्रसारक थे, सिडनी पहुंचे थे।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष अकरम खान ने पुष्टि की कि ऑस्ट्रेलिया की टीम बांग्लादेश का दौरा करने के लिए भी तैयार है। दोनों टीमें अगस्त में पांच टी20 मैच खेलेंगी। इस तरह के पैक्ड शेड्यूल के साथ, यह संभावना कम लगती है कि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी शेष आईपीएल 2021 में भाग लेंगे।