बेंगलुरू, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। स्थानीय एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रही टेस्ट श्रृंखला के दूसरे मैच के पांचवे दिन बुधवार को आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम को मिशेल जानसन के रूप में आठवां झटका लगा। मेहमान टीम ने अपनी दूसरी पारी में आठ विकेट खोकर 217 रन बना लिए हैं। इस तरह से उसने कुल 200 रनों की बढ़त हासिल कर ली है।
इससे पहले चौथे दिन का खेल खत्म होने पर आस्ट्रेलिया ने सात विकेट खोकर 202 रन बनाए थे। पांचवे दिन का खेल शुरू होने के कुछ देर बाद ही जानसन को जहीर खान बोल्ड कर दिया। जानसन 11 रन बनाकर आउठ हुए। नाथन हॉरिट्ज 16 और बेन हिल्फेनहॉस बिना कोई रन बनाए नाबाद थे।
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के शानदार दोहरे शतक की बदौलत भारतीय टीम ने पहली पारी में 495 रन बनाए। भारत ने पहली पारी के आधार पर 17 रनों की बढ़त हासिल की। चौथे दिन सचिन के पेवेलियन लौटने के बाद भारत के पुछल्ले बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके। मास्टर ब्लास्टर के आउट होने के बाद भारत के शेष चार बल्लेबाजों ने मिलकर कुल नौ रन ही जोड़े। आस्ट्रेलिया की ओर से मिशेल जानसन ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए। उनके अलावा पीटर जॉर्ज और नाथन हॉरिट्ज ने दो-दो विकेट लिए।
सचिन ने 363 गेंदों का सामना करते हुए 22 चौकों और दो छक्कों की मदद से 214 रन बनाए। टेस्ट करियर में सचिन का यह छठा दोहरा शतक है। उनके अलावा भारत की ओर से वीरेंद्र सहवाग ने ही छह बार दो सौ से अधिक का आकड़ा पार किया है आस्ट्रेलिया के खिलाफ सचिन ने दूसरी बार दोहरा शतक लगाया है।
मैच के तीसरे दिन ही सचिन ने हॉरिट्ज की गेंद पर छक्का लगाकर अपने टेस्ट करियर का 49वां शतक पूरा किया था। मास्टर ब्लास्टर ने यहीं टेस्ट मैचों में अपने 14,000 रन भी पूरे किए। श्रंखला में 0-1 से पीछे चल रही आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने पहली पारी में 478 रन बनाए थे। मेहमान टीम की ओर से मार्कस नॉर्थ ने 128, कप्तान रिकी पोंटिंग ने 77 और सलामी बल्लेबाज ने 57 रनों की पारी खेली थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।