नई दिल्ली। कागिसो रबाडा एक बार फिर भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ जुबानी जंग को लेकर सुर्खियां बटोर सकते हैं। 24 साल का यह गेंदबाज साउथ अफ्रीका जीत दिलाने के लिए पूरी तरह से तैयार है। रबाडा ने कहा कि भारत के खिलाफ 15 सितंबर से शुरू होने वाले आगामी दौरे में उनकी टीम उपमहाद्वीप में खेलने के पिछले अनुभव का इस्तेमाल करना चाहेगी। बता दें कि दोनों देशों के बीच 3 टी20 व 3 ही टेस्ट मैचों की सीरीज होगी।
बुधवार को साउथ अफ्रीका के ट्रेनिंग शिविर में उन्होंने कहा, ''आपको ये देखने की जरूरत होती है कि जीत का बेहतर मौका निकालने के लिए आपको क्या करने की जरूरत है, मेरा ध्यान इसी पर लगा है। जब आप पहले भी वहां खेल चुके हो तो आपको अंदाजा हो जाता है कि कुछ कठिन हालात में क्या करना चाहिए।'' उनकी टीम पिछले दौरे पर टी20 और वनडे सीरीज जीत ली थी लेकिन टेस्ट में हार गई थी। रबाडा ने कहा, ''पिछले दौरे पर हम सफल रहे थे क्योंकि हमने टी20 और वनडे सीरीज जीत ली थी। लेकिन टेस्ट सीरीज में हम हार गए थे क्योंकि वहां का विकेट काफी खराब था।''उन्होंने कहा कि उदाहरण दूं तो पहले टेस्ट में अगर हम पहले बल्लेबाजी करते तो चीजें कुछ और हो सकती थी। लेकिन हम सीरीज 0-3 से गंवा बैठे।''
यह पूछे जाने पर कि भारत दौरे में स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ उनकी टीम का रुख क्या होगा तो रबाडा ने कहा, 'श्रीलंका दौरे में भी हम ऐसी पेचीदा स्थिति से गुजरे थे। इस बारे में काफी बातें की गई हैं। देखते हैं वहां क्या होता है।' उन्होंने कहा कि जब आप वहां पहली बार जाते हैं तो आपको पता नहीं होता कि क्या करना है? यदि आप देखें कि फाफ डुप्लेसिस ने श्रीलंका में कैसी बैटिंग की। उसे अच्छी शुरुआत मिली इससे पता चलता है कि वह वहां के हालातों से वाकिफ हैं।