-Staff
दुबई, 28 फरवरीः भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा दुबई टेनिस चैम्पियनशिप में चौथी वरीयता प्राप्त सर्बिया की येलेना यानकोविच से कड़े संघर्ष के बाद कल तीन सेटों में हारकर चैम्पियनशिप से बाहर हो गईं.
दो घंटे 14 मिनट तक चले कड़े मुकाबले में यानकोविच ने सानिया को 4-6, 6-3, 6-4 से हराकर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश कर लिया. सानिया ने पहला सेट जीता था और निर्णायक सेट में 5-3 की बढ़त के साथ उनके पास तीन ब्रेक अंक थे, लेकिन उन्होंने मैच जीतने का सुनहरा मौका गंवा दिया और यानकोविच ने वापसी करते हुए मैच जीत लिया.
सानिया को मैच के दौरान अपने प्रशंसकों से भरपूर समर्थन मिल रहा था, लेकिन निर्णायक मौकों पर अंक नहीं ले पाने के कारण उन्हें टूर्नामेंट से बाहर हो जाना पड़ा.
मैच के बाद यानकोविच ने कहा, “सानिया ने मुझे कड़ी चुनौती पेश की. वे इतना शानदार खेल रही थीं कि मुझे मैच जीतने के लिए जूझना पड़ा. मुझे शॉट लगाने में परेशानी हो रही थी. मैं लय में नहीं आ पा रही थी इसलिए मैंने कई गलतियां की, लेकिन मैं किसी प्रकार जीतने में कामयाब रही".
इटली की फ्रांसेस्का शियावोन, इटली की एमेली मोरेस्मो, रूस की अन्ना चकवेदात्जे और स्वेतलाना कुनेत्जोवा ने भी दूसरे दौर के अपने-अपने मुकाबले जीत लिए.
MyKhel से प्राप्त करें ब्रेकिंग न्यूज अलर्ट.
Allow Notifications
You have already subscribed
Story first published: Thursday, February 28, 2008, 16:56 [IST]
Other articles published on
Feb 28, 2008