भारतीय स्टेट कर्नाटक और नामिबिया के बीच वांडरर्स क्रिकेट ग्राउंड, विंडहोक में पांचों मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है जिसका पहला मुकाबला कर्नाटक ने आसानी से 9 विकेट से जीत लिया है। कर्नाटक की टीम 50 ओवरों के पांच मैचों के लिए नामीबिया का दौरा कर रही है। बाकी चार मैच 4, 7, 9 और 11 जून को स्थानीय समयानुसार सुबह 9.30 बजे होने हैं। (Image- Social Media)
ताजा मैच में कर्नाटक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला करते हुए नामिबिया को 171 रनों पर ढेर कर दिया। मेजबानों की ओर से कप्तान गेरहार्डस इरास्मस ने 30 गेंदों पर 31 और जेन फ्राइलिंग ने 61 गेंदों पर 57 रनों की पारी खेली।
कर्नाटक की ओर से गेंदबाजी में विद्वाथ कावेरप्पा ने 16 रन देकर चार विकेट लिए। ऋषि बोपन्ना को 34 रन देकर तीन विकेट लिए। आरसीबी स्टार विजयकुमार को 46 रन देकर एक विकेट मिला।
कर्नाटक ने आसान टारगेट को कप्तान रविकुमार समर्थ के 100 गेंदों पर बनाए गए 78 रन और निकिन जोस के 77 गेंदों पर बनाए गए 56 रनों के दम पर 35.5 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। दोनों ही खिलाड़ी नाबाद रहे।
इस सीरीज में नामीबिया की टीम डेविड विसे और रूबेन ट्रम्पेलमैन के बिना खेल रही है, लेकिन इसमें गेरहार्डस इरास्मस (कप्तान) जैसे बड़े नाम के साथ जेन ग्रीन, स्टीफन बार्ड, बर्नार्ड शोल्ट्ज, माइकल वैन लिंगेन, जान फ्रिलिनक और पिक्की फ्रांस जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं।
कर्नाटक में सीनियर और अंडर-19 दोनों क्रिकेटर शामिल हैं जिसमें हाल ही में आरसीबी के लिए खेले तेज गेंदबाज विजयकुमार वैशाक के अलावा विद्वाथ कावेरप्पा हैं जो इस सीजन में पीबीकेएस द्वारा खरीदे गए थे। इसके अलावा निकिन जोस और आर समर्थ के नाम भी प्रमुख हैं। ये सभी विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी टीम के लिए काफी रन बना चुके हैं या विकेट ले चुके हैं।
कर्नाटक बनाम नामिबिया मैच भारत में कहां पर देखें- भारत में मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग फैनकोड ऐप (एंड्रॉयड, आईओएस) पर की जाएगी। किसी भी टेलीविजन चैनल पर इसका प्रसारण नहीं होगा।