बैंगलुरू। केविन पीटर्सन इंग्लैंड के उन चुनिंदा बल्लेबाजों में से एक हैं जिन्हें स्पिन गेंदों को खेलना बखूबी आता है। लेकिन क्या कभी आपने ऐसा सोचा है कि एक जमाने में स्पिन गेंदों को बेहतरी से न खेल पाने की वजह से केविन इंग्लिश टेस्ट टीम में अपनी जगह तक नहीं बना पा रहे थे। जी हां ऐसे बुरे वक्त में भारत के महान बल्लेबाज राहुल द्रविड़ ने केविन पीटर्सन की मदद की थी
केविन पीटर्सन ने यह खुलासा अपनी आत्मकथा 'केपी' में किया है। केविन ले लिखा है कि उस दौर में जब मुझे टेस्ट टीम में जगह नहीं मिल रही थी और मुझे अपने ही कोच से इसके लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही थी उस वक्त भारत के महान बल्लेबाज राहुल द्रविड़ के ने उन्हें तकनीकी रूप से काफी मदद की और उन्होंने मेरे जीवन में एक सच्चे गुरु की कमी को पूरा किया।
अपनी पुस्तक में उन्होंने लिखा है कि राहुल एक बेहतरीन बल्लेबाज थें, ईमेल के जरिए हुई हमारी बातचीत मेरे कैरियर के लिए प्राईवेट मास्टर क्लास साबित हुई। मेल में द्रविड़ ने केविन को लिखा,' केविन तुम एक बेहतरीन खिलाड़ी हो, तुम्हें अपने उपर भरोसा करते हुए बाल को देखने की जरूरत है। किसी को भी यह कहने का मौका मत दो कि तुम स्पिन गेंद को खेल नहीं सकते, मैने तुम्हे खेलते हुए देखा है तुम खेल सकते हो।' पीटरसन कहते हैं कि वह इस ई-मेल को अक्सर पढ़ते हैं और यह ई-मेल हमेशा उनके चेहरे पर मुस्कान लाता है।
पीटर्सन कहते हैं कि स्पिन खेलते की उनकी क्षमता में और विकास तबसे होना शुरु हुआ जबसे उन्होंने आइपीएल में खेलना शुरु किया। उन्होंने कहा कि आइपीएल का भविष्य बेहतर है लेकिन इसमें पैसा एक अहम बहस का मुद्दा है। लेकिन आइपीएल में बेहतर मित्रता के चलते वह इसे बिना किसी रूपये के भी खेलने को तैयार हैं।