For Quick Alerts
ALLOW NOTIFICATIONS  
For Daily Alerts
 

IPL 7: सुपर किंग्स पर भारी पड़े किंग्स इलेवन, 6 विकेट से जीता पंजाब

अबु धाबी। ग्लेन मैक्सवेल (95) की आतिशी पारी के आगे चेन्नई सुपर किंग्स के ब्रेंडन मैक्लम (67) और ड्वेन स्मिथ (66) की अर्धशतकीय पारियां फीकी पड़ गईं, और किंग्स इलेवन पंजाब ने 206 रन के विशाल लक्ष्य को चार विकेट के नुकसान पर सात गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। किंग्स इलेवन ने मैक्सवेल और डेविड मिलर (नाबाद 54) की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत शुक्रवार को अबु धाबी के शेख जायेद स्टेडियम में हुए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के सातवें संस्करण के अपने पहले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को छह विकेट से मात दे दी।

206 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी किंग्स इलेवन के लिए वीरेंद्र सहवाग (19) और चेतेश्वर पुजारा (13) ने शुरुआत तो तेज की, लेकिन 5.1 ओवरों में सहवाग, पुजारा और अक्षर पटेल (2) के विकेट झटक कर सुपर किंग्स मैच में वापसी करता प्रतीत हुआ। किंग्स इलेवन की तरफ से आईपीएल में पहली बार हिस्सा ले रहे सहवाग ने कुछ तेज शॉट्स जरूर दिखाए, लेकिन आशीष नेहरा द्वारा तीसरे ओवर की आखिरी यॉर्कर लेंथ की गेंद को वह चूक गए और गेंद ने सहवाग की गिल्लियां बिखेर दीं। सहवाग ने 10 गेंदों में चार चौके लगाए।

लेकिन शुक्रवार का दिन मैक्सवेल के नाम रहा। मैक्सवेल ने अक्षर पटेल का विकेट गिरने के बाद बल्लेबाजी करने आए मिलर के साथ अगले 10.3 ओवरों में 10.95 के औसत से 115 रन जोड़ डाले। मैक्सवेल और मिलर ने पवन नेगी द्वारा लाए गए 13वें ओवर में 22 रन जोड़े। मैक्सवेल ने 43 गेंदों की अपनी पारी में 15 चौके और दो छक्के लगाए। मैक्सवेल 16वें ओवर की चौथी गेंद पर 167 के कुल योग पर जब पवेलियन लौटे तब तक किंग्स इलेवन के लिए जीत की राह साफ नजर आने लगी थी। जिसे कप्तान जॉर्ज बैली (17) और मिलर ने बिना कोई अन्य नुकसान उठाए हासिल कर लिया।

सुपर किंग्स की तरफ से रविचंद्रन अश्विन ने सर्वाधिक दो विकेट हासिल किए, जबकि आशीष नेहरा सबसे किफायती गेंदबाज रहे। इससे पहले सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मैक्लम और स्मिथ की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 205 रन बनाए। मैक्लम और स्मिथ की सलामी जोड़ी ने चेन्नई को बेहतरीन शुरुआत दी। मैक्लम ने सभी गेंदबाजों पर चारों तरफ रन बरसाए और अपनी अर्धशतकीय पारी में 45 गेंदों का सामना कर चार चौके और पांच छक्के लगाए।

हालांकि 23 रन के निजी योग पर मैक्लम को पंजाब के कप्तान जॉर्ज बैली ने एक जीवनदान दे दिया, जिसका मैक्लम ने भरपूर फायदा उठाया।
मैक्लम का विकेट अक्षर पटेल ने 13वें ओवर की चौथी गेंद पर हासिल किया। मैक्लम का कैच ग्लेन मैक्सवेल ने लिया। मैक्लम के जाने के बाद स्मिथ ने सुरेश रैना (24) के साथ 38 रनों की साझेदारी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। स्मिथ ने 43 गेंदों में छह चौके और तीन छक्के लगाए। स्मिथ का विकेट लक्ष्मीपति बालाजी ने 17वें ओवर की दूसरी गेंद पर चटकाया। इस बार कप्तान बैली, स्मिथ का कैच लपकने में कामयाब रहे।

स्मिथ के जाने के बाद रैना का साथ देने चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी (26) उतरे। दोनों ने तेजी से रन बटोरना शुरू किया, हालांकि रैना अभी धौनी के साथ 24 रन ही जोड़ सके थे कि परविंदर अवाना की गेंद पर वीरेंद्र सहवाग ने उन्हें लपक लिया। रैना ने 19 गेंदों में दो चौके लगाए।

इसके बाद कप्तान धौनी ने ड्वेन ब्रावो (नाबाद 8) के साथ आखिरी आठ गेंदों में 20 रन जोड़े। धौनी मैच के आखिरी गेंद पर ऊंचा शॉट लगाने के चक्कर में ऋषि धवन के हाथों लपक लिए गए। धौनी ने 11 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का लगाया। पंजाब की तरफ से बालाजी ने सर्वाधिक दो विकेट चटकाए, जबकि धवन सबसे किफायती गेंदबाज रहे।

Story first published: Monday, November 13, 2017, 11:12 [IST]
Other articles published on Nov 13, 2017
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+