INDvsAUS, 1st ODI, Preview: विश्व कप से पहले भारत के लिए अंतिम ODI सीरीज
नई दिल्ली। कंगारूओं से अपनी जमीन पर दो मैचों की टी-20 सीरीज में क्लीन स्वीप की हार झेलने के बाद भारतीय टीम शनिवार को पांच मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच खेलने उतरेगी। टी-20 सीरीज मे मिली अप्रत्याशित हार के बाद कोहली ने कहा था कि उनकी टीम विश्व कप से पहले कुछ खिलाड़ियों को 'टेस्ट' करके देखना चाहती थी। कोहली के अनुसार विश्व कप के लिए टीम में जगह बनाने के दावेदार कुछ लोग अभी भी है इसलिए उनको मौका देना जरूरी था।
अगर राहुल को मौका मिलता है तो यह देखने वाली बात होगी कि रोहित या धवन में से किसी को बाहर बैठाया जाता है या फिर राहुल को मध्यक्रम में उतारा जाता है। अगर ऐसा होता है तो राहुल या अंबाती रायडू में किसी एक को ही जगह मिलेगी। इसके अलावा पंत अगर वनडे सीरीज में अपने प्रदर्शन में निरंतरता बरकरार रखते हैं तो उनकी भी विश्व कप में जगह पक्की हो सकती है। वैसे पंत की हालिया टी-20 सीरीज काफी खराब रही थी। उन्होंने दोनों मैचों में क्रमशः 1 और 3 रनों की पारियां खेली थी।
इसके अलावा केदार जाधव, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में अच्छी ऑलराउंडिग प्रतिभा का मुजायरा किया था, भी विश्व कप की रेस में शामिल हैं। जाधव की उपस्थिति के बावजूद टीम इंडिया अपने नियमित ऑलराउंडर्स विकल्पों पर भी गौर करना चाहेगी। यानी की चोटिल हार्दिक पांड्या की अनुपस्थिति में विजय शंकर को दोबारा मौका मिल सकता है। जबकि गेंदबाजी में शमी, बुमराह, चहल, कुलदीप एक बार फिर भारतीय आक्रमण की कमान संभालेंगे। हालांकि शुरुआती एक दो मैचों में टीम प्रबंधन बुमराह को आराम देकर सिद्धार्थ कॉल को मौका दे सकता है।
ऑस्ट्रेलिया की टीम में स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर की वापसी अभी होनी बाकी है। इन दिग्गजों के बिना हमने देखा है कि ऑस्ट्रेलिया का ऊपरी बल्लेबाजी क्रम लड़खड़ाता हुआ नजर आता है। खुद कप्तान फिंच की फॉर्म पर सवालिया निशान लगे हुए हैं। वैसे ये ग्लेन मैक्सवेल होंगे जिन पर एक बार फिर से निगाहें होंगी। इस तूफानी बल्लेबाज ने जिस तरह से भारत को दो टी-20 में धूल चटाई थी उससे लग रहा है कि पुराना मैक्सवेल वापस लौट आया है। यह मैक्सवेल के लिए भी विश्व कप में अपनी जगह पक्की करने का सुनहरा मौका होगा।
क्या कहते हैं आंकड़े-
भारत ने ऑस्ट्रेलिया के साथ पिछले पांच वनडे मैच जो खेले हैं उनमें भारत ने तीन में जीत दर्ज की है। अगर दोनों टीमों के हालिया प्रदर्शन का आकलन किया जाए तो भारत ने केवल एक ही मैच में हार का सामना किया है और चार में जीत दर्ज की है। वहीं, कंगारू टीम ने पिछले पांच मैचों में दो ही जीत दर्ज की है और तीन में उसको हार का सामना करना पड़ा। आंकड़े कहते हैं कि ऑस्ट्रेलिया ने हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय मैदान पर दो वनडे मैच खेले हैं जो 2007 और 2009 में खेले गए थे। इन दोनों में कंगारू टीम ने जीत दर्ज की थी। दोनों टीमें इस प्रकार हैं-
भारत: विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, रोहित शर्मा, अंबाती रायडू, महेंद्र सिंह धोनी, केदार जाधव, विजय शंकर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, ऋषभ पंत, सिद्धार्थ कौल, केएल राहुल , रवींद्र जडेजा
ऑस्ट्रेलिया: एरोन फिंच (कप्तान), डी'आर्सी शॉर्ट, शॉन मार्श, मार्कस स्टॉइनिस, उस्मान ख्वाजा, एलेक्स केरी, पीटर हैंड्सकॉम्ब, एश्टन टर्नर, एडम जम्पा, जेसन बेहरेनडॉर्फ, जे रिचर्डसन, पैट कमिंस, एंड्रयू टाई, नाथन कूल्टर नाइल, नाथन लियोन
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
