कोलकाता नाइट राइडर्स की हैदराबाद पर जीत के नायक रहे उथप्पा ने स्वीकार किया है कि उन्हें तीसरे नंबर पर बैटिंग करने में मजा आ रहा है। केकेआर के विकेट कीपर व बैट्समैन उथप्पा ने हैदराबाद के खिलाफ जीत के बाद कहा कि तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी की नई भूमिका का लुत्फ उठा रहा हूं।
39 गेंदों में 68 रन की विजयी पारी खेलने वाले उथप्पा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उथप्पा की पारी की वजह से केकेआर अपना रिकॉर्ड बनाए रखने में कामयाब रही। दरअसल हैदराबाद की टीम ईडेन गार्डन में कोलकाता को अभी तक नहीं हरा पाई है।
जीत के बाद उथप्पा ने कहा 'टीम को जरूरत थी कि मैं तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करूं। मैंने चुनौती स्वीकार की और मैं टीम के लिए ऐसा करने को तैयार हूं। यह बहुत ही अहम स्थान है।' उथप्पा ने कहा कि वे पिछले कई सालों से अपनी खेलन की टेक्निक पर काम कर रहे थे। अब उन्हें मजा आ रहा है।
उन्होंने कहा, 'अगर आप विकेट गंवा देते हो तो आपको किसी अनुभवी खिलाड़ी की जरूरत होती है जो दबाव से अच्छी तरह निपट सके और सुनिश्चित करे कि आप एक और विकेट नहीं गंवाओ।' गौरलतब है कि उथप्पा की आतिशी पारी की वजह से कोलकाता ने हैदराबाद को 17 रनों से हराने में सफलता पाई।