नई दिल्ली। हार्दिक पांड्या और केएल राहुल के ऊपर से बीसीसीआई ने भले ही निलंबन हटा लिया हो लेकिन इन दोनों खिलाड़ियों के ऊपर अभी जांच चलनी बाकी है। गौरतलब है कॉफी विद करण नामक टॉक शो में महिलाओं के ऊपर विवादापस्द टिप्पणी करने के चलते इन खिलाड़ियों पर बीसीसीआई की ओर से प्रतिबंध लगा दिया गया था। यह प्रतिबंध तब तक के लिए था जब तक की दोनों खिलाड़ियों के ऊपर सुनवाई के तहत कोई फैसला नहीं ले लिया जाता। हालांकि बाद में बीसीसीआई ने यह निलंबन वापस लेने का फैसला किया था।
मौजूदा हालातों में ये दोनों खिलाड़ी अपने ऊपर लगे मामलों की जांच होने तक खेलते रहेंगे। लेकिन इस मामले में हाल में ही एक बड़ा अपडेट आया है। BCCI के लोकपाल डी के जैन ने मंगलवार को कहा कि प्रशासकों की समिति (COA) ने अब तक उनके पास हार्दिक पांड्या और केएल राहुल से जुड़ा मामला नहीं भेजा है। बता दें सुप्रीम कोर्ट ने विवादों को सुलझाने के लिए अपने पूर्व न्यायधीश जैन को पिछले महीने बीसीसीआई का लोकपाल नियुक्त किया था। जैन ने इस महीने के शुरू में बीसीसीआई मुख्यालय में पद भार संभाल लिया था।
इस मामले पर जैन ने कहा, 'मैंने स्वतः संज्ञान लेकर इस मामले को अभी नहीं लिया है। एक बार जब सीओए मेरे पास मामला भेजेंगे तो मैं उस पर गौर करूंगा।' आपको बता दें केएल राहुल जहां इस समय भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का एक हिस्सा हैं तो वहीं हार्दिक पांड्या पीठ में जकड़न के चलते सीरीज से बाहर चल रहे हैं। राहुल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो मैचों की टी-20 सीरीज में शानदार वापसी की थी और एक अर्धशतक समेत 46 रनों की प्रभावित करने वाली पारी खेली थी।