नई दिल्ली। इंग्लैंड दौरे पर गई भारतीय टीम ने आयरलैंड को 2-0 से करारी शिकस्त देकर और फिर उसके बाद इंग्लैंड को पहले टी-20 में हराकर इस बेहद अहम दौरे पर जीत के साथ आगाज किया है। गौरतलब हो कि इंग्लैंड के साथ खेले गए पहले टी-20 मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया था और कुलदीप यादव के शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 156 रन पर ही रोक लिया था और फिर बल्लेबाजी में केएल राहुल का धमाकेदार शतक भी देखने को मिला। इस मुकाबले में केएल राहुल ने 54 गेंदों पर शानदार नाबाद 101 रन की पारी खेली थी और सभी को हैरान कर दिया था, इस शतक के बाद राहुल मैदान में काफी भावुक भी दिखे थे। मैच के बाद उन्होंने इसका खुलासा किया है कि आखिर वो क्यों इतने भावुक दिखे।
इसलिए भावुक हुए केएल राहुलः राहुल ने अपने सीनियर साथी दिनेश कार्तिक को बीसीसीआई डॉट टीवी को दिए इंटरव्यू के दौरान कहा, 'यह काफी संतोषजनक है। मैंने कुछ इंटरनेशनल शतक जड़े हैं लेकिन यह मेरे लिये काफी अहमियत रखता है। यह काफी विशेष है क्योंकि पिछला इंटरनेशनल शतक मैंने दो साल पहले लगाया था। राहुल ने इससे पहला शतक इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में लगाया था जिसमें उन्होंने 2016 में चेन्नई में 199 रन बनाए थे। गौरतलब हो कि आईपीएल के मुकाबलों में अपना जलवा बिखेरने वाले इस खिलाड़ी को कप्तान कोहली ने तीन नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए भेजा था।