आईपीएल : पहला सेमीफाइनल मुंबई और बैंगलोर के बीच
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह मैच बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना था लेकिन बीते शनिवार को खेले गए राउंड रोबिन लीग मुकाबले से ठीक पहले स्टेडियम के बाहर हुए बम विस्फोटों के बाद सेमीफाइनल मैचों को मुंबई स्थानांतरित कर दिया गया। मौजूदा चैम्पियन डेक्कन चार्जर्स और चेन्नई सुपर किंग्स टीमों के बीच खेला जाने वाला दूसरा सेमीफाइनल मैच भी इसी मैदान पर खेला जाना था लेकिन सुरक्षा कारणों से उसे भी मुंबई स्थानांतरित कर दिया गया।
मैच 22 अप्रैल को डी.वाई. पाटिल स्टेडियम में ही खेला जाएगा। सभी मैच भारतीय समयानुसार रात आठ बजे से खेले जाने हैं। इन मैचों का प्रसारण सेट मैक्स चैनल पर होना है। आईपीएल ने इस बार अमेरिकी क्रिकेट प्रेमियों को यू-ट्यूब के माध्यम से सेमीफाइनल और फाइनल मैचों का सीधा प्रसारण देखने का शानदार मौका दिया है। यू-ट्यूब इंटरनेट से जुड़ा आईपीएल का आधिकारिक प्रसारणकर्ता है।
सेमीफाइनल और इसी मैदान में खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले के लिए स्टेडियम के अंदर और बाहर तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इस संबंध में मुंबई पुलिस ने कमर कस ली है और किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए हजारों की संख्या में पुलिस बलों को स्टेडियम के इर्द-गिर्द तैनात कर दिया गया है। फाइनल 25 अप्रैल को खेला जाएगा।
तीसरे संस्करण में मुंबई और बैंगलोर की टीमों के प्रदर्शन की बात करें तो दोनों टीमों के खेल में जमीन-आसमान का अंतर रहा है। मुंबई की टीम ने जहां 20 अंकों के साथ अंतिम-4 दौर में जगह बनाई है वहीं बैंगलोर की टीम इस मामले में भाग्यशाली रही क्योंकि सात जीत और इतनी ही हार के बावजूद वह लगातार तीसरे वर्ष सेमीफाइनल खेलने में सफल रही। बैंगलोर की टीम पिछले वर्ष उपविजेता रही थी।
मुंबई की टीम ने राउंड रोबिन लीग में खेले गए कुल 14 मुकाबलों में से 10 में जीत हासिल की जबकि चार में उसे हार का सामना करना पड़ा। उसने टूर्नामेंट में सर्वाधिक 2408 रन बनाए और दूसरे टीमों के खिलाफ सबसे कम 2100 रन दिए। बैंगलोर की टीम ने दूसरी टीमों के खिलाफ 2166 रन बनाए जबकि दूसरी टीमों ने उसके खिलाफ 2245 रन बटोरे।
मुंबई की टीम फाइनल में जगह बनाने के लिए मुख्य रूप से तीसरे संस्करण के सबसे सफल बल्लेबाज और अपने कप्तान सचिन तेंदुलकर, सौरव तिवारी, अंबाती रायडू, केरोन पोलार्ड, ड्वेन ब्रावो, जीन पॉल ड्यूमिनी, हरभजन सिंह, जहीर खान और लसिथ मलिंगा के प्रदर्शन पर आश्रित होगी। तेंदुलकर सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज को दिए जाने वाले 'आरेंज कैप' के सबसे बड़े हकदार हैं।
दूसरी ओर, बैंगलोर की टीम जैक्स कैलिस, रोबिन उथप्पा, अनिल कुंबले, रॉस टेलर, विराट कोहली, डेल स्टेन, केविन पीटरसन और राहुल द्रविड़ जैसे दिग्गजों पर भरोसा करेगी। मुंबई के प्रदर्शन में निरंतरता रही है जबकि बैंगलोर की टीम इस मामले में थोड़ी कमतर दिख रही है। वैसे उसके पास एक से बढ़कर एक बड़े खिलाड़ी हैं, जो अपने बूते मैच जिता सकते हैं।
अपने 13वें रोबिन लीग मैच में मुंबई ने बैंगलोर को 57 रनों से पराजित किया था। यह जीत सेमीफाइनल के लिहाज से काफी अहम होगी। मुंबई को अपने अंतिम लीग मैच में कोलकाता नाइट राइर्ड्स के हाथों हार मिली थी लेकिन उस मैच में उसने अपने कई प्रमुख खिलाड़ियों को आराम दिया था। इस लिहाज से मुंबई के खिलाड़ी तरोताजा होकर घरेलू दर्शकों की हौसलाअफजाई के बीच उद्योगपति विजय माल्या की इस फ्रेंचाइजी टीम का सामना करेगी, जो लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचने के लिए अपना जी-जान लगाना चाहेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications