कोलकाता। एक बार फिर से आपको ग्लैमर, पैसे और रोमांच का खेल देखने को मिलेगा क्योंकि 8 अप्रैल से आईपीएल के आठवें सीजन की शुरूआत होने वाली है। 20-20 के अभूतपूर्व खेलों का खूबसूरत आगाज कोलकाता में होगा जिसके बारे में बीसीसीआई ने बुधवार को ऐलान किया।
उद्घाटन समारोह 7 अप्रैल को शाम 7.30 बजे शुरू होगा तथा इसमें बॉलीवुड के कई दिग्गज कलाकार अपनी-अपनी प्रस्तुतियां देंगे। हालांकि कलाकारों के नाम की अभी घोषणा नहीं की गई है।
उद्घाटन समारोह 7 अप्रैल को शाम 7.30 बजे शुरू होगा
बीसीसीआई के सचिव अनुराग ठाकुर ने कहा कि उद्घाटन समारोह में प्रस्तुतियां देने वाले कलाकारों के नामों की घोषणा जल्द ही कर दी जाएगी। ओपनिंग सेरोमनी के टिकट बुधवार शाम पांच बजे से मिलेंगे जिन्हें कि ऑन लाइन खरीदना सुलभ होगा। टिकटों की न्यूनतम कीमत 200 रुपये रखी गई है।
उद्घाटन समारोह के लिए बॉलीवु़ड तैयार
आईपीएल-8 का आयोजन आठ अप्रैल से 24 मई तक होगा, तथा मौजूदा चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच कोलकाता में आठ अप्रैल को होने वाले मैच से इसकी शुरुआत होगी।
बीसीसीआई ने आईपीएल-8 के कार्यक्रम में किया बदलाव
वैसे कोलकाता में होने वाले नगर निगम के चुनाव के चलते भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आठ अप्रैल से शुरू हो रहे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आठवें संस्करण के कार्यक्रम में मंगलवार को बदलाव किया गया है। बीसीसीआई द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि कोलकाता पुलिस द्वारा सुरक्षा मुहैया न करा पाने का हवाला देते हुए मैच की तारीखें बदलने का अनुरोध करने पर मैचों के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है।