For Quick Alerts
ALLOW NOTIFICATIONS  
For Daily Alerts
 

IPL-7: उद्घाटन मैच में केकेआर ने मुम्बई इंडियंस को 41 रनों से हराया

अबु धाबी। अनुभवी सलामी बल्लेबाज जैक्स कैलिस (72) और मनीष पांडेय (64) की शानदार अर्धशतकीय पारियों और सुनील नरेन (20-4) के नेतृत्व में अपने गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के दम पर कोलकाता नाइट राइर्ड्स टीम ने बुधवार को शेख जायेद स्टेडियम में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के सातवें संस्करण के अपने पहले मैच में मौजूदा चैम्पियन मुम्बई इंडियंस को 41 रनों से हरा दिया।

नाइट राइर्ड्स ने मौजूदा चैम्पियन के सामने 164 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसके जवाब में बीते साल पहली बार आईपीएल का खिताब जीतने वाली रोहित शर्मा की टीम 20 ओवरों में सात विकेट गंवाकर 122 रन ही बना सकी। बीते सत्र में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए कई धुआंधार पारियां खेलने वाले माइकल हसी (3) मुम्बई इंडियंस की ओर से पहली पारी में नाकाम रहे। अंबाती रायडू ने सबसे अधिक 48 रन बनाए जबकि रोहित ने 27 और आदित्य तारे ने 24 रनों का योगदान दिया।

नाइट राइर्डस की ओर से नरेन के अलावा मोर्ने मोर्कल, पीयूष चावला और शाकिब अल हसन ने एक-एक विकेट लिया। मुम्बई इंडियंस टीम शुरूआत से ही लक्ष्य से भटकी नजर आई। 24 रनों के कुल योग पर हसी पवेलियन लौटे और फिर 40 के कुल योग पर तारे से वापसी का रास्ता लिया। इसके बाद हालांकि कप्तान और रायडू ने तीसरे विकेट के लिए 61 रन जोड़ते हुए उम्मीद बंधाई लेकिन 101 के कुल योग पर रोहित का विकेट गिरने के साथ यह उम्मीद टूट गई। 106 के कुल योग पर रायडू भी पवेलियन लौट गए।

रायडू ने 40 गेंदों की पारी में चार चौके लगाए जबकि कप्तान ने 20 गेंदों पर एक छक्का लगाया। तारे ने 22 गेंदों पर दो चौके और एक छक्का लगाया। रोहित और रायडू के स्थान पर बल्लेबाजी के लिए आए कीरन पोलार्ड (नाबाद 6) और कोरी एंडरसन (2) के सामने मुश्किल लक्ष्य था, जिसके आगे वे दबाव में नजर आए। नरेन पारी का 19वां ओवर लेकर आए और पहली ही गेंद पर एंडरसन को चलता किया।

इसके बाद तीसरी गेंद पर उन्होंने हरभजन सिंह (0) को भी बोल्ड कर दिया। इसके बाद भी पोलार्ड के लिए करने को कुछ नहीं बचा था। रही-सही गेंदों पर वह लम्बे शॉट्स भी नहीं खेल पाए। पारी की अंतिम गेंद पर सीएम गौतम (7) का विकेट गिरने के साथ मुम्बई इंडियंस की हार हुई। इससे पहले, टॉस जीतने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी नाइट राइर्ड्स टीम ने पारी के दूसरे ओवर में चार रनों के कुल योग पर ही अपने कप्तान गौतम गम्भीर (0) का विकेट गंवा दिया लेकिन इसके बाद कैलिस और मनीष ने दूसरे विकेट के लिए 131 रनों की साझेदारी निभाते हुए अपनी टीम को निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 163 रन बनाने में मदद की।

गम्भीर को लसिथ मलिंगा ने बोल्ड किया। इस तरह मलिंगा ने आईपीएल-7 का पहला विकेट हासिल किया जबकि पांडेय ने 42 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। वह आईपीएल-7 में अर्धशतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने। कैलिस ने आईपीएल में अपनी दूसरी सबसे तेज पारी खेली। मनीष का विकेट 135 रनों के कुल योग पर गिरा। उनका विकेट भी मलिंगा ने लिया। मनीष ने 53 गेंदों की पारी में छह चौके और दो छक्के लगाए। रोहिन उथप्पा (1) उनका स्थान लेने आए लेकिन वह कुछ खास नहीं कर सके और जहीर खान की गेंद पर कप्तान रोहित शर्मा के हाथों लपके गए। यह विकेट 144 के कुल योग पर गिरा।

कैलिस ने मनीष के विकेट पर रहते ही अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था। मनीष और उथप्पा के आउट होने के बाद कैलिस ने पारी को मजबूती देने के प्रयास में ऊंचे शॉट्स लगाने का क्रम शुरू किया लेकिन वह मलिंगा की गेंद पर कोरी एंडरसन के हाथों लपके गए। कैलिस ने 46 गेंदों की पारी मे पांच चौके और तीन छक्के लगाए। कैलिस का विकेट गिरने के बाद शाकिब अल हसन (1) सस्ते में लौट गए। शाकिब को मलिंका ने रोहित के हाथों कैच कराया। यूसुफ पठान चार और सूर्यकुमार यादव 13 रनों पर नाबाद लौटे। यादव ने पांच गेंदों पर तीन चौके लगाए। मलिंगा ने 23 रन देकर सबसे अधिक चार विकेट लिए।

कैलिस और मनीष के विकेट पर रहते मुम्बई इंडियंस के गेंदबाज असहाय नजर आ रहे थे लेकिन पारी के 17वें ओवर में मलिंगा की वापसी के साथ मुम्बई इंडियंस ने नाइट राइर्ड्स पर पकड़ बना ली। उसने लगातार अंतराल पर विकेट चटकाए और नाइट राइर्डस को 180 या 190 के करीब का स्कोर खड़ा करने से रोका, जो एक समय सम्भव नजर आ रहा था।

Story first published: Monday, November 13, 2017, 11:12 [IST]
Other articles published on Nov 13, 2017
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+