हॉकी विश्व कप: कोरिया को हराकर अंतिम-8 का टिकट चाहेगा भारत
भारतीय टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह ने सोमवार को कहा कि उनके साथी कोरिया के साथ होने वाले इस अहम मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार हैं। मनप्रीत के मुताबिक रणनीति के लिहाज से भारत ने इस मैच के लिए काफी काम किया है। मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में संवाददाताओं से मुखातिब मनप्रीत ने कहा, "हम अपना अंतिम पूल मैच जीतने के लिए जोरदार मेहनत कर रहे हैं। हम कोरिया को ध्यान में रखकर सभी रणनीति आजमा रहे हैं। हम हर हाल में यह मैच जीतना चाहते हैं।"
भारत ने सितम्बर में मलेशिया में आयोजित सुल्तान जोहोर कप में कोरिया को 6-1 से हराया था, यह भारत के लिए मनोबल बढ़ाने वाली बात है लेकिन कप्तान मनप्रीत का कहना है कि उनकी टीम बीते आंकड़ों पर कम यकीन कर रही है क्योंकि कोरियाई टीम इन दिनों शानदार खेल दिखा रही है।
कोरियाई टीम ने अपने पहले मैच में कनाडा को 7-4 से हराया था लेकिन मौजूदा उपविजेता नीदरलैंड्स के खिलाफ अच्छा खेलने के बावजूद वह 2-3 से हार गई थी। इसी तरह भारत को अपने पहले मैच में नीदरलैंड्स से 2-3 से हार मिली थी लेकिन दूसरे मैच में उसने कनाडा को 3-2 से हराकर खुद को अंतिम-8 की दौड़ में बनाए रखा।
भारतीय टीम के कोच ग्रेग क्लार्क ने भी कहा है कि भारत पर किसी तरह का कोई दबाव नहीं है। यह अलग बात है कि भारत को अंतिम-8 दौर में पहुंचने के लिए कोरिया को हर हाल में हराना होगा। इसी तरह का समीकरण कोरिया के लिए भी है। दोनों टीमों के लिए यह करो या मरो का मैच होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
