नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बुधवार को पहले टी20 मैच के दौरान स्पिनर कुणाल पंड्या ने एक अनचाहा रिकॉर्ड बना डाला है। पंड्या ने मैच के दौरान 4 ओवर में 55 रन पिटवा दिए। इसी के साथ ये टी20 का एक ऐसा रिकॉर्ड बन गया जिसको पंड्या कभी याद नहीं रखना चाहेंगे।
ऑस्ट्रेलिया के ब्रिस्बेन में गाबा मैदान पर हुए मैच में कुणाल 55 रन लुटवाकर सबसे ज्यादा रन देने वाले दूसरे भारतीय स्पिनर बन गए। ये आंकड़े केवल टी20 मैचों के लिहाज से हैं। अब तक टी20 में किसी भारतीय स्पिनर द्वारा सबसे ज्यादा रन देने का रिकॉर्ड यजुवेन्द्र चहल के नाम था। चहल ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक टी20 में 64 रन दे डाले थे।
इतना ही नहीं कुणाल ऑस्ट्रेलिया में भी किसी स्पिनर द्वारा सबसे ज्यादा रन देने वाले दूसरे गेंदबाज बने। यहां भी बात टी 20 मैचों की हो रही है। सबसे ज्यादा रन देने का रिकॉर्ड वेस्ट इंडीज के निकिता मिलर के पास है, जिन्होंने 3.4 ओवर में 56 रन लुटवाए थे। इसके अलावा यूसूफ पठान (1/54), कुलदीप (3/52) और चहल ऐसे स्पिनर रहे हैं जिन्होंने टी20 में 50 से ज्यादा रन पिटवाए।
इस दौरान पंड्या ने छह छक्के खाए जिसमें से तीन तो लगातार लगे। ये तीनों छ्क्के ग्लेन मैक्सवेल ने कुणाल के तीसरे ओवर में लगाए थे। उस ओवर में कुल 23 रन बने थे। कुल मिलाकर पंड्या का यह प्रदर्शन भारत को काफी भारी पड़ा। उम्मीद करते हैं पंड्या जल्द ही इसको भूलकर आगे के मैचों में दमदार वापसी कर पाएंगे।