नई दिल्ली। आईपीएल की इन दिनों धूम मची है। सभी टीमें प्लेऑफ में पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं। आईपीएल 11 के सफर की बात करें तो कुछ टीमों के लिए अब तक का सफर बेहद निराशाजनक रहा है। इनमें राजस्थान रॉयल्स का भी नाम शामिल है। मंगलवार को राजस्थान रॉयल्स की टीम का सामना किंग्स इलेवन पंजाब की टीम के सामने है। एक तरफ आजिंक्य रहाणें हैं तो दूसरी तरफ अश्विन की टीम। रविवार को हुए इन दिनों टीमों के मुकाबले में किंग्स इलेवन पंजाब ने बाजी मारकर अंक तालिका में तीसरे नंबर पर अपनी जगह बना ली है जबकि राजस्थान की टीम ने अब तक 9 मैचों में सिर्फ 3 मैचों में ही जीत हासिल की है और अंक तालिका में सबसे नीचे पहुंच चुकी है। प्लेऑफ के हिसाब से अगर बात करें तो राजस्थान के लिए यह मुकाबला करो या मरो की स्थिति का बन चुका है। अब उन्हें खेल में बने रहने के लिए सभी मुकाबले जीतने ही होंगे। आइये जानते हैं इन टीमों के कुछ दिलचस्प फैक्ट्स...
प्रभावशाली बल्लेबाजः आईपीएल का यह 40वां मुकाबला होगा। पिछले मुकाबले में इंदौर के स्टेडियम में केएल राहुल की शानदार बल्लेबाजी के चलते पंजाब ने राजस्थान की टीम को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी थी। इन दोनों टीमों की अगर बल्लेबाजों की बात करें तो बटलर अच्छे फॉर्म में हैं और लगातार अर्धशतक भी मार रहे हैं। रहाणें और सैमसन भी राजस्थान के प्रभावशाली बल्लेबाजों में शुमार हैं। ऐसे में राजस्थान को अगर इस सीरीज में बने रहना है तो उनके बल्लेबाजों खासकर कप्तान रहाणे को अच्छी लय में बल्लेबाजी करने होगी। वहीं अगर पंजाब के बल्लेबाजों की बात करें तो उनकी ओपनिंग साझेदारी बेहद खास है। क्रिस गेल और केएल राहुल अच्छे फॉर्म में हैं और पिछले मुकाबले में नाबाद 84 रनों की आतिशी पारी के बदौलत ही उन्होंने राजस्थान से मैच छीन लिया था। ऐसे में यह मुकाबला बेहद खास होगा।
पंजाब और राजस्थानः दोनों टीमों ने अब तक कुल 16 मैच आईपीएल के इतिहास में एक दूसरे के खिलाफ खेलें हैं, जिनमें राजस्थान की टीम ने 9 मुकाबले जीते हैं और पंजाब की टीम ने 7 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। वहीं अगर सवाई मान सिंह स्टेडियम की बात करें तो दोनों टीमों ने यहां कुल 6 मैच खेले हैं और बराबरी का मुकाबला रहा है जिसमें तीन मैचों में राजस्थान तो तीन में पंजाब को जीत मिली है। वहीं अगर औसत रन की बात करें तो इस स्टेडियम पर वो है केवल 158 रनों का। ऐसे में राजस्थान की टीम के लिए अपने घरेलू मैदान में यह मुकाबला जीतना बहुत जरूरी है।वहीं पंजाब इस मुकाबले में जीत हासिल कर अपनी प्लेऑफ की राह आसान करना चाहेगा।