क्रिस गेल ने टीम से किया था शतक का वादा, 99 रन पर आउट होने के बाद फेंका बैट
नई दिल्ली। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में क्रिस गेल ने शानदार 99 रन की पारी खेली। इस पारी में क्रिस गेल ने 63 गेंदों का सामना करते हुए 8 छक्के लगाए और 6 चौके जड़े। लेकिन आखिरी ओवर में जोफ्रा आर्चर की गेंद पर जिस तह से क्रिस गेल 99 रन के स्कोर पर आउट हुए उसके बाद वह अपने आप से बिल्कुल खुश नहीं थे। जिसके बाद क्रिस गेल ने गुस्से में अपना बल्ला झटका जो हाथ से छूटकर दूर जाकर गिरा। हालांकि बैट छूटने के तुरंत बाद क्रिस गेल ने जोफ्रा आर्चर से हाथ मिलाकर खेल भावना का परिचय देते हुए एक बार फिर से यह साबित किया कि आखिर क्यों जबरदस्त प्रतिस्पर्धा के बावजूद भद्रजनों का खेल कहा जाता है।
क्रिस गेल की शानदार पारी के बाद किंग्स इलेवन पंजाब ने स्कोर बोर्ड पर 185 रन का टार्गेट खड़ा किया। 99 रन पर आउट होने के बाद क्रिस गेल ने कहा कि यह अच्छी पारी थी, मुझे लगा था कि 180 रन का स्कोर अच्छा होगा, यह विकेट अच्छी है। दूसरी इनिंग में विकेट और भी अच्छी होगी, 99 रन के स्कोर पर आउट होना दुर्भाग्यशाली है, इस तरह की चीजें होती हैं, वो गेंद काफी अच्छी थी, लेकिन बावजूद इसके मैं अच्छा महसूस कर रहा हूं। सच कहूं तो मेरे लिए यह सिर्फ सोच का खेल है और यही वजह है जो मुझे खेल में बनाए रखती है। मैं क्रिकेट का लुत्फ उठा रहा हूं। मैं आईपीएल की ट्रॉफी उठाना पसंद करूंगा, लेकिन अभी भी लंबा रास्ता तय करना है।
क्रिस गेल ने कहा कि यह मैच हमारे लिए अहम है, हम इसे जीतना चाहते हैं। युवा खिलाड़ियों के साथ बल्लेबाजी करते हुए मुझे काफी मजा आ रहा था। 1000 छक्के जड़ने के रिकॉर्ड के बारे में जब गेल से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मुझे उसके बारे में नहीं पता है। मैं अभी भी अच्छी हिटिंग कर रहा हूं। खेल के प्रति समर्पण और कड़ी मेहनत का फायदा मिल रहा है, साथियों से मैंने शतक का वादा किया था, लेकिन मैं चूक गया, गेल हंसते हुए कहते हैं- लेकिन मेरे दिमाग में यह शतक है, हमे यह मैच जीतना है, बस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
