नई दिल्ली। दो टीमों के बीच मैच हो और उसमें कुछ अलग देखने को ना मिले तो दर्शकों को भी मैच देखने का मजा नहीं आता। आस्ट्रेलिया-श्रीलंका के बीच ब्रिस्बेन में बुधवार को तीन टी20 मैचों की सीरीज के दूसरे मैच के दाैरान ऐसा मजेदार वाकया देखने को मिला जिसे देख आप यही कहोगे कि ये खिलाड़ी तो बेवकूफ ही निकला। श्रीलंकाई गेंदबाज के पास पूरा माैका था कि वो बल्लेबाज को आसानी के रन आउट करे लेकिन उसने विकटें थ्रो की बजाय हाथ से ही उखाड़ दीं।
दरअसल, हुआ कुछ ऐसा कि आस्ट्रेलिया जब लक्ष्य का पीछा कर रहा था तो 13वें ओवर में क्रीज पर स्टीव स्मिथ के साथ ओपनर डेविड वाॅर्नर थे। ओवर फेंक रहे थे स्पिन गेंदबाज लक्षन संदकन। लक्षन ने ओवर की दूसरी गेंद फेंकी जिसपर वाॅर्नर ने सीधा शाॅट खेला। गेंद सीधी विकटों से जा लगी और वहीं रूक गई। वहीं स्मिथ स्टंप पर गेंद लगने से पहले रन लेने के लिए क्रीज से बाहर निकल पड़े, लेकिन गेंद को रूकता देख वो वापस मुड़ने लगे। वहीं लक्षन के पास पूरा माैका था कि वो गेंद को विकटों पर मारकर स्मिथ को आउट कर सकें। लेकिन उनसे हड़बड़ी में गलती हो गई। लक्षन ने दाएं हाथ से गेंद उठा ली लेकिन उन्होंने भागते हुए बाएं हाथ से विकेट उखाड़ दी बजाय थ्रो करने के।
लक्षन की इस गलती के कारण स्मिथ भी आउट होने से बच गए। अगर लक्षन विकटों पर थ्रो करते तो उनके खाते में विकेट आ सकती थी। हालांकि इसके अगले ही ओवर में आस्ट्रेलिया ने मैच भी अपने नाम कर लिया। आस्ट्रेलिया ने इस मुकाबले में 9 विकेट से आसान जीत दर्ज कर ली। इसी के साथ कंगारूओं ने तीन टी20 मैचों की सीरीज में 2-0 की अजय बढ़त बना ली है। वहीं श्रीलंका की पोल एक बार फिर खुल गई। हाल ही में श्रीलंका ने पाकिस्तान को उसी के घर 3-0 से राैंदा था, लेकिन अब श्रीलंका का आस्ट्रेलिया दाैरे पर क्लीन स्वीप होने का खतरा मंडरा रहा है।
Sandakan had a golden opportunity to run out Smith! #AUSvSL pic.twitter.com/E7AsOwEjSJ
— cricket.com.au (@cricketcomau) October 30, 2019
श्रीलंका ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया जो गलत साबित हुआ। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19 ओवर में ढेर होकर 117 रन बनाए जिसका पीछा आस्ट्रेलिया ने 13 ओवर में ही कर लिया। टीम के लिए कुसल परेरा ही सबसे ज्यादा 27 रन बना सके। उनके अलावा सलामी बल्लेबाज दनुष्का गुणाथिलाका ने 21, अविष्का फर्नांडो ने 17, वानिंदु हसरंगा ने 10, इसुरु उडाना ने 10 और लक्षण संदाकन ने 10 रनों का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए बिली स्टैनलेक, पैट कमिंस, एश्टन एगर और एडम जैम्पा ने 2-2 विकेट लिए। केन रिचर्डसन को एक भी विकेट नहीं मिला, जबकि डेविड वाॅर्नर ने 41 गेंदों में नाबाद 60 रन बनाए, वहीं स्टीव स्मिथ ने नाबाद 53 रन बनाए।
आस्ट्रेलिया की इस जीत के साथ ही श्रीलंका के नाम एक शर्मनाक रिकाॅर्ड दर्ज हो गया। दरअसल, श्रीलंका अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार ऑलआउट होने वाली टीम बन गई है। श्रीलंका 24 बार ऑलआउट हुई। इससे पहले बांग्लादेश की टीम के नाम यह खराब रिकाॅर्ड था 23 बार ऑलआउट हो चुकी है।