एजबैस्टन। पाकिस्तान के खिलाफ मैच के आखिरी ओवर में जिस तरह से हार्दिक पांड्या ने तूफानी पारी खेली उसके बाद भारत का स्कोर 319 रन पहुंच गया। एक वक्त जब लग रहा था कि भारत का स्कोर 300 रन के आस-पास रहेगा उस समय पांड्या बल्लेबाजी के लिए मैदान में आए और उन्होंने लगातार तीन छक्के लगातर टीम इंडिया को 319 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
पाकिस्तान की ओर से आखिरी ओवर फेंकने इमाद वसीम फेंकने आए और इस ओवर में उन्होंने कुल 23 रन खर्च किए। पहली ही गेंद पांड्या ने लॉग ऑन पर शानदार छक्का मारा। जिस तरह से इमाद ने लगातार तीनों ही गेंद फुल लेंथ की डाली, उन सभी गेंदों का पांड्या ने एक जैसा हाल किया और तीनों ही गेंदों को मैदान के बाहर पहुंचा दिया। बारिश के कारण मैच 48 ओवर का कर दिया गया था। 47वें ओवर में भारत का स्कोर 296 रन था, लेकिन पांड्या के तूफान के बाद अगली तीन गेंदों में भारत का स्कोर 314 रन पहुंच चुका था।
इसे भी पढ़ें- पाकिस्तान के खिलाफ मैच के रोमांच की कहानी सुनिए सचिन की जुबानी
ओवर की चौथी गेंद पांड्या खेलने में विफल रहे, लेकिन अगली ही गेंद पर उन्होंने एक रन लेकर स्ट्राइक को कप्तान विराट कोहली को दिया और कोहली ने ओवर का अंत चौके के साथ किया। पांड्या ने इस मैच में महज 6 गेंदों का सामना करते हुए 20 रनों की पारी खेली और इस दौरान उन्होंने 3 छक्के लगाए। यहां गौर करने वाली बात यह है कि पांड्या को अश्विन की जगह टीम में शामिल किया गया था और उन्हें युवराज सिंह के आउट होने के बाद धोनी से उपर बैटिंग करने के लिए भेजा गया था जिसे उन्होंन सार्थक साबित करके दिखाया।