जमैका। पांच मैचों की वनडे सीरीज में 3-1 से जीत दर्ज करने वाली भारतीय टीम रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ एक मात्र टी20 मैच खेलेगी। आईसीसी टी20 रैंकिंग में 5वें नबर पर काबिज वेस्टइंडीज का पलड़ा भारत पर भारी है। ऐसा हम नहीं बल्कि कुछ रिकॉर्ड कहते हैं।
जी हां, दरअसल गत चैंपियन वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत पिछले तीन सालों में एक भी टी20 मैच नहीं जीता है। 23 मार्च 2014 के बाद से भारत ने विंडीज के खिलाफ टी20 मैच में जीत नहीं दर्ज की है। हालांकि तब से अब दोनों टीमों के बीच केवल तीन मुकाबले हुए, जिसमें दो मैच वेस्टइंडीज ने जीते जबकि एक मैच बिना किसी नतीजे के रद्द हो गया था।
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2017 के फाइनल में पाकिस्तान के हाथों हारने के बाद भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। वैसे तो अनुभव से भरी भारतीय टीम का पलड़ा वेस्टइंडीज पर भारी है लेकिन कैरिबियन देश के खिलाड़ियों की क्षमताओं से दुनिया वाकिफ है।
छोटे फॉर्मेट में वेस्टइंडीज किसी भी बड़ी टीम को हराने की क्षमता रखती है। आपको बता दें कि अब तक भारत और वेस्टइंडीज के बीच कुल 7 टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेले गए हैं। इनमें से चार मैच विंडीज ने जीते जबकि दो मैच भारत जीत सका।