AFG vs WI: सिर्फ 2 रन में खो दिये थे 4 विकेट, पर फिर भी रोमांचक हुआ मैच, 7 विकेट से जीता वेस्टइंडीज
नई दिल्ली। रोस्टन चेज के हरफनमौला प्रदर्शन और सलामी बल्लेबाज शाई होप की धैर्यपूर्ण पारी की बदौलत वेस्ट इंडीज ने पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में बुधवार को यहां अफगानिस्तान को सात विकेट से हरा दिया। विंडीज टीम ने इस जीत से तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बनाई। लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए मैच में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए अफगानिस्तान को 45.2 ओवर में 194 रन पर ऑल आउट कर दिया। जवाब में वेस्ट इंडीज ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए चेज (94) और होप (नाबाद 77) के बीच तीसरे विकेट के लिए 163 रन की साझेदारी की बदौलत 21 गेंद शेष रहते तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
और पढ़ें: इस 15 साल के बच्चे ने की अनिल कुंबले के अटूट रिकॉर्ड की बराबरी, एक पारी में झटके 10 विकेट
कैरेबियाई टीम ने 46.3 ओवर में तीन विकेट पर 197 रन बनाए। अफगानिस्तान की पारी में 31 रन देकर 2 विकेट लेने वाले चेज को इस हरफनमौला प्रदर्शन के लिए 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया।

अफगानिस्तान की खराब शुरुआत, 15 रन पर खो दिये थे 2 विकेट
टॉस जीतकर कैरेबियाई कप्तान कायरन पोलार्ड ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जिसे उनके गेंदबाजों शेल्डन कॉटरेल और जेसन होल्डर ने सही साबित करते हुए मात्र 15 रन के स्कोर पर अफगान टीम के दोनों ओपनर हजरतउल्ला जजई (09) और जावेद अहमदी (05) को पवेलियन की राह दिखा दी। उसके बाद रहमत शाह और इकराम अलीखि़ल ने पारी को संभाला। दोनों ने बड़ी सूझबूझ के साथ बल्लेबाजी करते हुए रनगति को भी तेज किया। दोनों ने 111 रन की साझेदारी की।

अलिखिल ने दिखाया आक्रामक अंदाज
अलीखिल ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 47 गेंद में अपना दूसरा अर्द्धशतक बनाया। वहीं, रहमत शाह ने 63 गेंद में अपनी हाफ सेंचुरी पूरी की। उस वक्त लगा कि अफगानिस्तान बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रहा है मगर अलीखिल (58) के निजी स्कोर पर गलतफहमी का शिकार होकर रन आउट हो जाने के बाद अफगान फिर सम्भल नहीं पाये। नजीबुल्लाह जादरान भी बिना कोई रन बनाए 126 के कुल योग पर स्पिनर रोस्टन चेज की गेंद पर स्लिप में होल्डर को कैच दे बैठे।
अनुभवी बल्लेबाज असगर अफगान और रहमत शाह ने पारी को सम्भालने की कोशिश की। मगर 33वें ओवर में जमकर खेल रहे बल्लेबाज रहमत शाह 61 रन बनाकर स्पिनर चेज की गेंद को पैडल स्वीप करने की कोशिश में होल्डर को आसान कैच थमा बैठे। मैच के 36वें ओवर में होल्डर ने अनुभवी बल्लेबाज मोहम्मद नबी (01) को थर्डमैन पर कॉटरेल के हाथों कैच आउट कराकर अफगान टीम को गहरी मुसीबत में डाल दिया।

सिर्फ 2 रन में खो दिये 4 विकेट
केवल 158 रन पर 6 विकेट गिर जाने के बाद असगर अफगान (35) और गुलबदीन नईब (17) ने कुछ प्रतिरोध दिखाया। कुल 191 रन पर नईब के आउट होने के बाद अफगानिस्तान के बाकी तीन विकेट तीन रन जोड़कर गिर गये और उसकी पारी 45.2 ओवर में मात्र 194 रन पर सिमट गई। विंडीज के लिए होल्डर, चेज और पदार्पण कर रहे तेज गेंदबाज रोमारियो शेफर्ड ने 2-2 विकेट लिए। वहीं, अफगानिस्तान के लिए मुजीब ने 2 और नवीन उल हक ने एक विकेट झटका।

वेस्टइंडीज की भी खराब रही शुरुआत
अफगानिस्तान की ही तरह वेस्ट इंडीज की भी शुरुआत अच्छी नहीं रही। अफगान टीम की तरफ से गेंदबाजी की शुरुआत करने आए ऑफ स्पिनर मुजीब उर रहमान ने अपने तीसरे ओवर में ओपनर एविन लेविस (07) को 12 के कुल स्कोर पर LBW आउट कर दिया। उसके बाद शिमरॉन हेटमेयर (03) भी कोई कमाल नहीं कर सके और तेज गेंदबाज नवीन उल हक की खूबसूरत आउटस्विंग गेंद पर विकेटकीपर इकराम अलीखिल को कैच दे बैठे।

शाई होप और रोस्टन चेज ने अफगानिस्तान को दिखाया ठेंगा
इसके बाद होप और चेज ने विकेट पर लंगर डाल दिया और सूझबूझ भरी बल्लेबाजी करते हुए 1-1, 2-2 रन लेने के साथ-साथ बाउंड्री भी बटोरीं। दोनों ने अफगान गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। चेज शतक से चूक गए और 94 के निजी स्कोर पर मुजीब उर रहमान ने उन्हें बोल्ड कर दिया। उन्होंने 115 गेंदों की अपनी पारी में 11 चौके लगाए। बाद में होप और निकोलस पूरन (नाबाद आठ) ने टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया।
अफगानिस्तान की ओर से मुजीब उर रहमान ने दो और नवीन उल हक ने एक विकेट हासिल किया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
