नई दिल्ली: जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति में जिस तरह से मोहम्मद शमी ने गेंदबाजी की है उसे मौजूदा विश्व क्रिकेट की एक बड़ी घटना माना जा सकता है। इसकी वजहें हैं- शमी कभी भी एक खराब गेंदबाज नहीं रहे लेकिन जिस तरह से पिछले साल से वे 2.0 अवतार में दिख रहे हैं वह हर मैच के साथ निखरता जा रहा है। दूसरी बात ये है कि शमी भारतीय पिचों पर भी वैसी जान फूंक रहे हैं मानों किसी ऑस्ट्रेलियाई विकेट पर खेल रहे हों। तीसरी बात यह कि एक एशियाई गेंदबाज से इतने लंबे दौर तक टेस्ट क्रिकेट में इतनी तेज और सटीक गेंदबाजी करने की अपेक्षा नहीं की जाती है।
बुमराह खुद शानदार गेंदबाजी करके चोटिल हो गए हैं जिनकी वापसी का अभी इंतजार है। दूसरी ओर इंदौर में बांग्लादेश के खिलाफ मैच जीतने वाले गेंदबाजी के प्रदर्शन के बाद शमी एक अलग ही लीग में दिखाई देने लगे हैं। वे इस समय अपनी टेस्ट रैकिंग में बेस्ट स्थान 7वें पर हैं। भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को मौजूदा फॉर्म में टेस्ट क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज करार दिया गया है। ये बात भी ऐसे क्रिकेटर ने कही है जिसकी बात मानने के अलावा और कोई चारा भी नहीं दिखाई देता क्योंकि उनका नाम डेल स्टेन है।
बता दें कि शमी ने दूसरी पारी में 31 रन पर 4 विकेट, जबकि पहली पारी में 27 रन देकर 3 विकेट लिए थे। उन्होंने भारत को बांग्लादेश के खिलाफ पारी की जीत दिलाई और उस प्रदर्शन ने पूर्व क्रिकेटरों सुनील गावस्कर, गौतम गंभीर और डेल स्टेन से प्रशंसा अर्जित की। भारत के पूर्व क्रिकेटरों गंभीर और गावस्कर ने बंगाल के तेज गेंदबाज की सराहना की। गंभीर ने कहा कि शमी इस समय दुनिया के सर्वश्रेष्ठ रेड गेंदबाज हैं, गावस्कर ने दावा किया कि भारतीय तेज गेंदबाज उन्हें वेस्टइंडीज के महान मैल्कम मार्शल की याद दिलाते हैं।
"फिलहाल, उनके लिए रंग कोई मायने नहीं रखता है। उन्हें पीले रंग की गेंद दें ... उन्हें गुलाबी गेंद दें ... वह कमाल के गेंदबाज बनने जा रहे हैं। वह शायद दुनिया के सबसे अच्छे लाल गेंदबाज हैं। '' गंभीर ने मैच के बाद के शो में कहा। जबकि इस बारे में गावस्कर का कहना है, "क्लाइव लॉयड ने मैल्कम मार्शल को नई गेंद दी और उन्होंने 30 विकेट चटकाए क्योंकि उनके पास वह क्षमता थी। मोहम्मद शमी मैल्कम मार्शल की तरह ही कुछ समझदार हैं। उनकी डिलीवरी भी मिसाइल की तरह आपके ऊपर आती है। एक ही तरह की देर से अंदर और बाहर की तरफ की हरकत करने वाली उनकी गेंदें खेलना बहुत मुश्किल है। "
Shami on current form
— Dale Steyn (@DaleSteyn62) November 16, 2019