नई दिल्ली। रावलपिंडी एक्सप्रेस के नाम से मशहूर पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने भारत पर तंज कसते हुए बड़ा बयान दिया है। बता दें कि भारतीय क्रिकेट टीम हमेशा से ही अपनी स्पिन गेंदबाजी के लिए चर्चा में रही है। लेकिन तेज गेंदबाजी उसके लिए हमेशा से ही चर्चा का विषय बनी रही है। हालांकि भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण की पिछले कुछ दिनों से काफी चर्चा हो रही है और हाल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है।
लेकिन शोएब अख्तर इसे सिर्फ एक शुरूआत के रूप में देखते हैं। शोएब अख्तर को लगता है कि भारत को तेज गेंदबाजी वालाा देश बनने में लंबा वक्त लग जाएगा। दरअसल पीटीआई से बात करते हुए जब अख्तर से पूछा गया कि ईशांत शर्मा, उमेश यादव, मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह दक्षिण अफ्रीका में टीम के साथ हैं। क्या यह भारत के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजी आक्रमण में से एक है?
यह पूछने पर अख्तर ने पीटीआई से कहा, 'मैं ऐसा नहीं कहूंगा। मैं कहूंगा कि वे धीरे-धीरे सुधार कर रहे हैं और भारत को एक अच्छा गेंदबाजों वाला देश कहने से पहले लंबा सफर तय करना है।' अख्तर ने कहा, 'पांच साल पहले, मैंने सोचा था कि वरूण एरोन, उमेश यादव और मोहम्मद शमी विदेशी दौरों पर भारत की तेज गेंदबाजी की अगुवाई करेंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ, आरोन के साथ फिटनेस के मुद्दे रहे, यादव ने टुकड़ों में प्रदर्शन किया और कभी कभार वह काफी खराब रहे जैसे वहाब रियाज।'
हालांकि अख्तर ये जरूर मानते हैं कि भारतीय टीम सही दिशा में है और तेज गेंदबाजी आक्रमण भी अच्छा प्रदर्शन कर रहा है।