लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी जल्द ही क्रिकेट का बड़ा केंद्र बनने की ओर बढ़ रही है। एक तरफ यहां अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बन रहा है तो दूसरी ओर सुनील गावस्कर औऱ सुरेश रैना यहां बड़ी क्रिकेट अकादमी खोलने का मन बना रहे हैं।
टी-20 विश्वकप का पूरा कार्यक्रम, 8 मार्च से शुरु हो रहा है क्रिकेट का महाकुंभ
रैना और गावस्कर ने लखनऊ में विश्वस्तरीय क्रिकेट अकादमी खोलने की तैयारी में है। गावस्कर और रैना ने लखनऊ में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाने वाली कंपनी इकाना स्पोर्ट्स के अधिकारियों से इस बाबत इच्छा जतायी है।
माना जा रहा है कि सुरेश रैना और गावस्कर जल्द ही लखनऊ के दौरे पर आ सकते हैं और वो इस अकादमी को खोलने के लिए आला अधिकारियों से मुलाकात कर सकते हैं। गौरतलब है कि लखनऊ के गोमती नगर क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम का काम काफी तेजी से चल रहा है। यूपी के सीएम अखिलेश यादव ने इस स्टेडियम को 2017 तक तैयार करने के निर्देश दिये हैं।
अखिलेश यादव ने इस मैदान पर हर वर्ष एक मैच कराये जाने की इच्छा जतायी है। साथी ही उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि आईपीएल के भी मैच जल्द ही इस मैदान पर खेले जाये। वहीं स्टेडियम बनाने वाली कंपनी इकाना के अधिकारियों का कहना है कि स्टेडियम का 65 फीसदी काम पूरा हो गया है। हालांकि अगले वर्ष आईपीएल मैच करा पाना अभी बड़ी चुनौती है।
इकाना स्पोर्ट्स के एमडी उदय सिन्हा ने कहा कि हाल ही में कानपुर में हुए मैच के दौरान सुनील गावस्कर ने यूपी में क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए यहां अतर्राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी बनाने की इच्छा जतायी थी।