नई दिल्ली। साउथ अफ्रीका के खिलाफ महिला क्रिकेट टीम में मध्य प्रदेश के शहडोल की पूजा वस्त्रकार का भी नाम है। पूजा के अलावा टीम में दो नए नाम, जैमिमाह रोड्रिग्स और तानिया भाटिया और शामिल किए गए हैं। लगातार अपने बेहतर प्रदर्शन और कड़ी मेहनत के दम पर पूजा टीम में शामिल हुई हैं। पूजा का मानना है कि उनकी असली परीक्षा तो अब जाकर शुरू हुई है।
पूजा पिछले काफी समय से अच्छा प्रदर्शन कर रहीं हैं। इससे पहले उनका चयन बांग्लादेश ए टीम के खिलाफ टीम इंडिया ए के लिए भी किया गया था। अब वो भारतीय महिला क्रिकेट टीम में शामिल हुई हैं और पहला मैच दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेंगी। पूजा को टीम में बतौर ऑल राउंडर शामिल किया गयाहै। उन्हें मीडियम पेसर मानसी जोशी की जगह टीम में जगह दी गई है जिन्हें चोट के कारण टीम से बाहर होना पड़ा है।
पूजा इसे अपनी असली परीक्षा मानती हैं। उनका कहना है कि टीम में सलेक्ट होने के बाद अब उन्हें लोगों के भरोसे पर खरा उतरना है। पूजा अपनी कामयाबी में परिवार का बहुत बड़ा हाथ मानती हैं। पूजा कहना है कि उनके पिता ने हमेशा उनका मनोबल बढ़ाया है। वो अपनी बहन को अपना आदर्श मानती हैं जो खुद एक नेशन एथलीट हैं। भारत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन वनडे और पांत टी20 मैच खेलने हैं। 5 से 7 फरवरी के बीच वनडे और 13 से 24 फरवरी के बीच टी20 मैच खेले जाएंगे।
ये भी पढ़ें: जन्मदिन विशेष : राहुल द्रविड़ को कैसे मिली थी 'THE WALL' की उपाधि, ये है कहानी