
बताया अपना 2019 वर्ल्ड कप का प्लान
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने कहा है कि वे फिट हैं। अगले साल होने वाले विश्व कप में खेलने के लिए खुद को फिट बताते हुए उन्होंने कहा कि वह इसके लिए तैयारी जरूर करेंगे। धोनी ने अगले विश्व कप टूर्नामेंट में खेलने की सम्भावनाओं के बारे में पूछे गए सवाल पर कहा कि जहां तक फिटनेस का सवाल है तो अगर मैं फिट नहीं होता तो अब तक क्रिकेट क्यों खेल रहा होता?

धोनी ने की यूपी के गेंदबाजों की तारीफ
धोनी ने कहा कि अगले विश्व कप में अभी करीब साल भर का समय है, लेकिन वह इसके लिए तैयारी जरूर करेंगे। धोनी ने उत्तर प्रदेश के क्रिकेट खिलाड़ियों के बारे में कहा कि इस सूबे में क्रिकेट हमेशा अच्छा रहा। हालांकि यहां के गेंदबाजों को उतने मौके नहीं मिले, मगर स्विंग पर उनकी पकड़ हमेशा बेहतर रही। गौरतलब है कि धोनी का ये बयान भुवनेश्वर कुमार को लेकर था। भुवी यूपी के मेरठ के हैं और उन्हें भारत का बेस्ट स्विंग गेंदबाज कहा जाता है।

धोनी ने की इन देश के खिलाड़ियों की तारीफ
धोनी ने अफगानिस्तान और नेपाल में खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए कहा कि इन देशों से काफी अच्छे खिलाड़ी निकल रहे हैं। खासकर अफगान टीम का खेल देखकर क्रिकेट के आगे बढ़ने के अच्छे संकेत मिलते हैं। उन्होंने एक सवाल पर कहा कि पहले मां-बाप अपने बच्चे को खेलने पर डांटते-फटकारते थे, मगर आज वे उन्हें मैदान में भेज रहे हैं। बात यह है कि वे बच्चों को इतनी सहूलियतें दे रहे हैं कि बच्चे गर्मी और लू में मैदान में नहीं टिक पाते हैं।

शमी पर अब धोनी ने साधी चुप्पी
हालांकि धोनी ने मोहम्मद शमी को लेकर अब कोई बयान देने से मना किया है। बता दें कि इससे पहले धोनी ने शमी को लेकर कहा था कि वे अच्छे इंसान हैं और अपनी पत्नी के साथ चीट नहीं कर सकते।


Click it and Unblock the Notifications
