लंदन। इंग्लैंड से वनडे मुकाबले के पहले टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कोच डंकन फ्लेचर की तारीफ की है। धोनी ने कहा है कि फ्लेचर ही टीम के बॉस हैं और वो 2015 वर्ल्ड कप तक टीम के बॉस बने रहेंगे।
टेस्ट सीरीज में मिली शर्मनाक हार के बाद टीम इंडिया आज ब्रिस्टल में मेजबान टीम के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज का पहला वनडे खेलने उतरेगी।
फ्लेचर की भूमिका को लेकर लगाए जा रहे कयासों पर विराम लगाते हुए पहले वनडे की पूर्व संध्या पर धोनी ने कहा कि फ्लैचर अब भी 'बॉस' हैं और वह वर्ल्ड कप तक हमारी अगुवाई करेंगे।
टेस्ट सीरीज में 1-3 की हार के बाद भारत ने कोचिंग स्टाफ में बड़े बदलाव किए गए हैं। गेंदबाजी कोच जो डावेस और फील्डिंग सलाहकार ट्रेवर पेनी को छुट्टी दे दी गई जबकि रवि शास्त्री को टीम डायरेक्टर बनाया गया है।
धोनी ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा, 'हमारे साथ रवि शास्त्री हैं जो हर चीज पर गौर करेंगे लेकिन फ्लैचर बॉस हैं। ऐसा नहीं है कि फ्लेचर के अधिकार या पद को कम कर दिया गया है। मैं नहीं जानता कि बाहर से आप कैसा महसूस कर रहे हैं लेकिन टीम में अब भी पहले की तरह काम चल रहा है। अब ड्रेसिंग रूम में कुछ अन्य सहयोगी स्टाफ पहुंच गया है लेकिन कुल मिलाकर संचालन पहले जैसा ही है।'
गौरतलब है कि चेयरमैन का पद संभालने के बाद शास्त्री ने कहा था कि फ्लेचर सहित नए कोचिंग स्टाफ को वनडे सीरीज के दौरान उन्हें रिपोर्ट करनी होगी।
डावेस और पेनी को छुट्टी पर भेजने के बाद पूर्व भारतीय ऑलराउंडर संजय बांगड़ और पूर्व तेज गेंदबाज भरत अरुण को सहायक कोच जबकि आर श्रीधर को फील्डिंग कोच के रूप में टीम से जोड़ा गया है। धोनी ने हालांकि साफ किया कि शास्त्री की भूमिका मैनेजर जैसी होगी।