कप्तान धोनी ने मैच के बाद मिली हार के बाद बात करते हुए कह डाला कि अच्छा हुआ टेस्ट मैच तीन दिनों में ही खत्म हो गया। अब इससे हमें आराम करने का अतिरिक्त समय मिल गया।
धोनी भले ही अपने इस बयान पर कुछ न कहें लेकिन उनके प्रशंसक और क्रिकेट को हर सेकेंड फॉलो करने वाले फैंस खासे निराश हैं।
इस सीरिज में टीम इंडिया का प्रदर्शन बहुत ही खराब रहा है और उस पर धोनी का यह बयान कहीं न कहीं फैंस के जख्मों पर नमक छिड़कने के लिए काफी है।
हालांकि हार से निराश धोनी ने इसके लिए टीम के बल्लेबाजों को जिम्मेदार बताया। इंग्लैंड के खिलाफ चौथे क्रिकेट टेस्ट में इंग्लैंड ने भारत को तीसरे दिन पारी और 54 रन से शिकस्त दे डाली।
भारत की हार की कहानी टेस्ट मैच के पहले ही दिन लिखनी शुरू हो गई थी। भारत ने पहली पारी में सिर्फ आठ रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद टीम इंडिया 152 रन पर ऑल आउट हो गई थी। पांच मैचों की सीरिज में
1-2 से पिछड़ने के बाद धोनी ने कहा कि रन बनाना काफी अहम है। इस श्रृंखला में सातवें, आठवें, नौवें, 10वें और 11वें नंबर के बल्लेबाजों ने अब तक टॉप बैटिंग ऑर्डर से ज्यादा रन बनाए हैं।
उन्होंने कहा कि लार्ड्स में जीत ने शीर्ष क्रम की खराब फार्म को छिपाने में मदद की और हम सवाल नहीं उठा पाए कि वे रन नहीं बना रहे। हमारे पांचवें गेंदबाज ने शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों से अधिक रन बनाए हैं।
मैच ऑफ द मैच स्टुअर्ट ब्रार्ड (25 रन देकर छह विकेट) ने पहली पारी में जबकि आफ स्पिनर मोइन अली (39 रन पर चार विकेट) ने दूसरी पारी में भारतीय बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त किया।