मेलबर्न| भारत-आस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज के तीसरे टेस्ट का परिणाम क्या निकलेगा इसके बारे में तो पता तो दो दिनों में चल जायेगा लेकिन यह टेस्ट भारतीय क्रिकेट कैप्टन मिस्टर महेन्द्र सिंह धोनी के लिए जरूर यादगार बन गया है।
अब आप पूछेंगे कि कैसे तो सुनिए हम बताते हैं दरअसल भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न क्रिकेट मैदान (एमसीजी) पर जारी तीसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक स्टम्पिंग का कीर्तिमान अपने नाम कर लिया।
ऑफ-स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन की गेंद पर मिशेल जॉनसन को स्टंप आउट करने के साथ ही धोनी ने श्रीलंका के कुमार संगकारा को पीछे छोड़ दिया। धोनी का यह 134वां स्टम्पिंग रहा। धोनी ने यह उपलब्धि अपनी 460वीं पारी में हासिल की, जबकि संगकारा को 133 स्टम्पिंग के लिए 485 पारियां खेलनी पड़ीं। श्रीलंका के एक अन्य विकेटकीपर और पूर्व खिलाड़ी रोमेश कालुवितरना सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उनके नाम 270 पारियों में 101 स्टम्पिंग हैं।
कैप्टन कूल ने बनाया सर्वाधिक स्टम्पिंग का विश्व-रिकार्ड
इससे पहले ब्रिसबेन टेस्ट खेलते वक्त भी धोनी ने अनोखा विश्वरिकार्ड बनाया था। ब्रिसबेन टेस्ट की कप्तानी करके धोनी ने टीम इंडिया की विदेशी दौरे पर सबसे ज्यादा कप्तानी वाले खिलाड़ी का रिकार्ड अपने नाम किया था वहीं उन्होंने आस्ट्रेलिया के इयान हीली (628 शिकार) को पछाड़कर विश्व के चौथे सबसे सफल विकेटकीपर का रिकार्ड भी अपने नाम कर किया था।