नई दिल्ली। सोमवार को टीम इंडिया के वनडे टीम के कैप्टन महेन्द्र सिंह धोनी के कोच चंचल भट्टाचार्या ने एक टीवी चैनल पर बात करके सबको चौंका दिया कि धोनी के खेल पर ड्रेसिंग रूम का तनाव हावी हो रहा है। जिसके बाद टीवी चैनलों पर बहस होने लग गई कि ड्रेसिंग रूम में विराट कोहली और महेन्द्र सिंह धोनी के बीच में सबकुछ ठीक नहीं है।
लेकिन इस मामले में रोचक मोड़ तब आ गया है जब विराट कोहली के कोच राज कुमार शर्मा ने आकर टीवी चैनल पर कहा कि हां बांग्लादेश से हारना वाकई में टीम इंडिया के लिए शर्मनाक हार है, वाकई में जो हो रहा है वो अच्छा नहीं है, खिलाड़ियों के बीच ताल-मेल सही नहीं है, हालांकि ना तो उन्होंने धोनी और ना ही उन्होंने कोहली का नाम लिया लेकिन उनकी बातें एक नई बहस को जन्म दे गई हैं।
गौरतलब है कि बांग्लादेश से सीरीज हारने के बाद धोनी ने कहा था कि अगर उन्हें कप्तानी से हटाने के बाद टीम के प्रदर्शन में सुधार होता है तो वो टीम की कप्तानी छोड़ने को तैयार हैं ।धोनी ने कहा था कि हार का ठिकरा हमेशा मेरे ऊपर फोड़ दिया जाता है जो कि हर वक्त सही नहीं है, हमारी टीम के कुछ प्लेयर लापरवाही से खेल रहे हैं जिसके कारण हमारी हार हुई है।