हेडिंग्ले। बॉल टेंपरिंग मामले में विवादों से घिरे ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज क्रिकेट खिलाड़ी डेविड वॉर्नर क्रिकेट जगत में वापसी के लिए तैयार हैं। वॉर्नर को जुलाई में नॉर्दन टेरिट्री स्ट्राइकर लीग में शामिल किया गया है। हालांकि उससे पहले डेविड वार्नर इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दौरान बेहद ही अजीब ढंग में नजर आए। इस दौरान वार्नर के हाथ में सैंडपेपर है और वे दर्शकदीर्घा में खड़े हैं।
चौंकिए मत! दरअसल इंग्लैंड की बार्मी आर्मी ने एक फोटो शेयर किया है जिसमें एक शख्स डेविड वार्नर का मजाक उड़ा रहा है। फोटो में देखा जा सकता है ये कि शख्स अपने हाथ में सैंड पेपर लपेटे हुए है। इस शख्स ने 31 नंबर की डेविड वार्नर की जर्सी पहन रखी है और वार्नर की ही तरह मोछें लगाई हुई हैं। ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट जर्सी में दिख रहे इस शख्स के बारे में तो किसी को कुछ नहीं पता लेकिन इसे देखकर वहां मौजूद दर्शक जरूर लोटपोट हो गए होंगे।
— England's Barmy Army (@TheBarmyArmy) June 1, 2018
क्यों किया ऐसा?
गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ व उप कप्तान डेविड वॉर्नर के अलावा टीम के बल्लेबाज कैमरून बेनक्राफ्ट गेंद से छेड़छाड़ के मामले में पकड़े गए और फिर दोषी करार दिए गए थे। मैच के दौरान जब ऑस्ट्रेलियाई टीम फील्डिंग कर रही थी तब केमरून बेनक्रॉफ्ट ने अपनी पैंट से सैंडपेपर निकालकर गेंद से छेड़छाड़ करने की कोशिश की।
जब अंपायरों को इस बात का पता चला तो बेनक्रॉफ्ट ने किसी भी तरह के आरोपों से इनकार कर दिया। लेकिन जैसे ही अंपायर इधर उधर हुए बेनक्रॉफ्ट ने वो सैंडपेपर निकालकर अपनी पैंट के अंदर डाल लिया। ये सारी घटना कैमरे में कैद हो गई। जिसके बाद आइसीसी ने इन खिलाड़ियों पर मैच बैन की सजा दी लेकिन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कड़ा रुख अपनाते हुए वार्नर और स्मिथ को एक-एक वर्ष का बैन लगा दिया साथ ही कैमरून पर 9 महीने का बैन लगाया था। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के लगाए बैन के अनुसार अब डेविड वार्नर कभी भी भविष्य में ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान नहीं बन सकते हैं। वहीं स्मिथ दो साल तक टीम की कप्तानी नहीं कर पाएंगे।