चेन्नई टेस्ट : भारतीय क्रिकेट टीम की यादगार जीत (राउंडअप)
भारतीय बल्लेबाजों के दमखम के आगे 387 रनों का मुश्किल सा दिखने वाला लक्ष्य भी आसान साबित हुआ। इसी का नतीजा था कि भारत ने अंतिम दिन का खेल खत्म होने से लगभग एक घंटे पहले छह विकेट शेष रहते जीत हासिल कर ली।
यह पहला मौका है जब भारतीय टीम ने अपनी धरती पर चौथी पारी में 300 रनों से अधिक के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत हासिल की। भारत की धरती पर इससे पहले चौथी पारी में सबसे बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत हासिल करने का रिकार्ड वेस्टइंडीज के नाम था, जिसने 1987-88 में दिल्ली में खेले गए टेस्ट मैच में पांच विकेट पर 276 रन बनाकर जीत हासिल की थी।
भारत की जीत में तेंदुलकर (नाबाद 103) तथा युवराज (नाबाद 85) के बीच पांचवें विकेट के लिए जोड़े गए 163 रन और वीरेंद्र सहवाग तथा गौतम गंभीर के बीच पहले विकेट के जोड़े गए 117 रनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
तेंदुलकर ने अपनी 196 गेंदों की पारी में नौ चौके लगाए जबकि युवराज ने 131 गेंदों पर आठ चौके और एक छक्का जड़ा। तेंदुलकर ने अपने केरियर का 41वां टेस्ट शतक जड़ा। तेंदुलकर और युवराज की पारियों की जितनी तारीफ की जाए कम है। पूरी तरह टूट चुकी विकेट पर मैच के अंतिम दिन दोनों ने जिस धैर्य और साहस के साथ बल्लेबाजी की, वह अपने आप में एक मिसाल है।
तेंदुलकर और युवराज की साहस गाथा के बीच सहवाग की तूफानी पारी को भूलना बिल्कुल बेमानी होगा। अपनी ताबड़तोड़ पारी के लिए 'मैन ऑफ द मैच' चुने गए सहवाग मैच के चौथे दिन ही 83 रन बनाकर आउट हो गए थे। हालांकि जाते-जाते वे भारत के लिए जीत की राह खोल गए थे। उनके जोड़ीदार गंभीर ने भी बिल्कुल उन्हीं की राह पर चलते हुए 66 रनों का योगदान दिया।
भारतीय टीम ने मैच के चौथे दिन रविवार को एक विकेट के नुकसान पर 131 रन बनाए थे। गंभीर 41 और द्रविड़ दो रन बनाकर नाबाद लौटे थे। भारत ने अपना एकमात्र विकेट वीरेंद्र सहवाग के रूप में 117 रनों के कुल योग पर गंवाया था।
पांचवें दिन के पहले सत्र में भारत ने अपना पहला विकेट द्रविड़ के रूप में गंवाया। अपने करियर के सबसे खराब फॉर्म में चल रहे द्रविड़ 141 रन के कुल योग पर हरफनमौला एंड्रयू फ्लिंटॉफ की गेंद पर विकेटकीपर मैट प्रॉयर द्वारा लपके गए।
द्रविड़ के विदा होने के बाद तेंदुलकर और गंभीर ने तीसरे विकेट के लिए 42 रन जोड़े। 66 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर गंभीर भी चलते बने। उन्हें जेम्स एंडरसन ने पॉल कोलिंगवुड के हाथों कैच कराया। गंभीर ने 139 गेंदों की पारी में सात चौके लगाए। भारत का यह विकेट 183 के कुल योग पर गिरा।
इसके बाद वी.वी.एस. लक्ष्मण (26) ने तेंदुलकर के साथ मिलकर पारी को संवारने की बागडोर संभाली। दोनों ने भोजनकाल तक भारत और कोई और नुकसान नहीं होने दिया लेकिन भोजनकाल के तुरंत बाद लक्ष्मण 44 गेंदों पर चार चौके लगाकर स्पिनर ग्रीम स्वान की गेंद पर इयान बेल द्वारा लपके गए।
अंतिम दिन लक्ष्मण के रूप में भारत का अंतिम विकेट गिरा। इसके बाद तो तेंदुलकर और युवराज ने इंग्लैंड के गेंदबाजों को एक भी मौका नहीं दिया और भारत को जीत दिलाकर ही लौटे। इंग्लैंड की ओर से स्वान ने दो विकेट लिए जबकि फ्लिंटॉफ और एंडरसन को एक-एक विकेट मिले।
भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैचों में 19वीं जीत दर्ज की। दोनों टीमों के बीच अब तक 98 मैच हुए हैं। भारत ने 34 मैच गंवाए हैं जबकि 45 मैच बेनतीजा रहे हैं। दोनों टीमों के बीच भारत में अब तक 50 मैच खेले गए हैं, जिसमें भारत ने 14वीं जीत दर्ज की। 25 मैच ड्रॉ रहे हैं।
कुल मिलाकर भारत ने टेस्ट मैचों में अपनी 98वीं जीत दर्ज की। उसने अब तक 426 मैच खेले हैं, जिसमें से 131 में उसकी हार हुई है जबकि 191 मैच ड्रॉ रहे हैं। एक मैच टाई भी रहा है। चेपॉक स्टेडियम में भारतीय टीम ने अब तक 30 मैच खेले हैं। भारत ने यहां 12 मैचों में जीत हासिल की है जबकि छह मैच हारे हैं। 11 मैच ड्रा रहे हैं। भारत के हिस्से में दर्ज एकमात्र टाई मैच इसी मैदान पर खेला गया था।
दो मैचों की श्रंखला में भारतीय टीम 1-0 से आगे हो गई है। दूसरा मैच 19 दिसंबर से मोहाली स्थित पंजाब क्रिकेट संघ (पीसीए) मैदान पर खेला जाएगा। इस मैच के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।
चंडीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह औलख ने आईएएनएस को बताया, "हम पीसीए में तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रखेंगे। स्टेडियम के अंदर और बाहर 1000 सुरक्षाकर्मी तैनात होंगे। इसके अलावा हम पंजाब पुलिस के कमांडो और खुफिया एजेंसियों की भी मदद लेंगे।"
औलख ने बताया कि पीसीए स्टेडियम में 100 क्लोज सर्किट कैमरे (सीसीटीवी) लगाए गए हैं। उन्होंने कहा, "100 सीसीटीवी कैमरों के जरिए सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जाएगी। साथ ही पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी सादे कपड़ों में दर्शकों के बीच बैठकर हर किसी पर नजर रखेंगे। इसके अलावा विशेष कार्रवाई दस्ते को भी तैनात किया जाएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications